कड़कड़ाती ठंड में बच्चे कर रहे परेड प्रैक्टिस, गुरुजी निपटा रहे काम
लखनऊ। सर्दी के सितम को देखते हुए जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने बच्चों को किसी भी कार्य के लिए स्कूल बुलाने पर चार से सात जनवरी तक रोक लगा रखी है। वहीं, शिक्षकों व गैर शिक्षणेतर कर्मचारियों को बुलाया जा सकता है। बुधवार को इस आदेश का रियल्टी चेक किया गया तो स्कूल में बच्चे परेड प्रैक्टिस करते मिले। वहीं, गुरुजी कड़ाके की ठंड में प्री बोर्ड स्कूल के पेपर तैयार करते नजर आए।
स्थान- राजकीय बालिका गर्ल्स इंटर कॉलेज शाहमीना रोड
समय- दोपहर 12 बजकर 5 मिनट
सादे कपड़ों में बच्चों को स्कूल प्रशासन ने गणतंत्र दिवस परेड की प्रैक्टिस के लिए बुलाया। बच्चे एनसीसी कैडेट्स संग ग्राउंड में परेड प्रैक्टिस करते मिले। वहीं, विद्यालय के कमरों में शिक्षक कागजी कार्य निपटाते मिले।
स्थान- राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, विकासनगर
समय- दोपहर एक बजे
प्रधानाचार्य कुसुम वर्मा शिक्षकों संग कागजी कार्य निपटाती मिलीं। उन्होंने बताया कि स्कूल में बच्चों की प्री बोर्ड परीक्षाएं होने वाली हैं। वार्षिक परीक्षा के लिए पेपर, शिक्षक डायरी, बोर्ड में पंजीकरण कराने वाली छात्राओं की लिस्ट का सत्यापन, शैक्षिक भ्रमण के लिए छात्राओं की कक्षावार सूची बनाने समेत अन्य कार्य किए जा रहे हैं।
जिम्मेदार बोले- छुट्टी में नहीं बुला सकते स्कूल
जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार पांडेय ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश का हर हाल में पालन करना होगा। चार से सात जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है। ऐसे में बच्चों को नहीं बुलाया जा सकता है।

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें