जयपुर: केन्द्र के अधिकारी भी बना रहे ओपीएस के लिए दबाव
जयपुर. पुरानी पेंशन योजना ओपीएस की बहाली के लिए केन्द्रीय सेवा के अधिकारी भी अब दबाव बना रहे हैं। ऑल इंडिया सीनियर ऑडिट-अकाउंट्स ऑफिसर्स एसोसिएशन की कॉन्फ्रेंस में भी इस मांग को लेकर प्रमुखता से चर्चा होगी। जयपुर में पहली बार हो रही तीन दिवसीय कॉन्फ्रेंस का गुरुवार सुबह साढे़ दस बजे प्रधान महालेखाकार कार्यालय सभागार में शुभारंभ होगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष वीके उपाध्याय, महासचिव ओएस सुधाकरण व स्थानीय इकाई के प्रतिनिधि सुरेन्द्र कुमार जैन ने बुधवार को यहां संयुक्त रूप से मीडिया को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एनपीएस में न्यूनतम पेंशन की कोई गारंटी नहीं है, इस कारण कुछ कर्मचारियों को दो हजार, ढाई हजार रुपए पेंशन मिल रही है।
ऐसी परिस्थिति में ओपीएस की बहाली की जाए। उन्होंने कहा कि एनपीएस में शामिल अधिकारियों व कर्मचारियों का पैसा शेयर बाजार में लगाया जा रहा है, लेकिन उसकी स्थिति अभी अच्छी नहीं है और सरकार न्यूनतम पेंशन की गारंटी देने को तैयार नहीं है। इससे सरकार को भी नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के सभी संगठन लगातार ओपीएस बहाली की मांग कर रहे हैं। जैन ने मांग की कि सरकार पेंशन के लिए ऐसी व्यावहारिक योजना लाए, जिसमें सरकार भी अंशदान दे। कॉन्फ्रेंस में सीएजी में वर्षों पहले निर्धारित कैडर स्ट्रेंथ पर पुनर्विचार किया जाए, क्योंकि स्टाफ की भारी समस्या का सामना करना पड रहा है। इसके अलावा पदोन्नति के अवसर भी सीमित ही मिल रहे हैं। उद्घाटन अवसर पर जयपुर के सांसद रामचरण बोहरा भी मौजूद रहेंगे। सुधाकरण ने बताया कि गुरुवार से होने वाली कॉन्फ्रेंस में 23 राज्यों की 33 इकाइयों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। कॉन्फ्रेंस में एसोसिएशन के त्रैवार्षिक चुनाव भी होंगे।

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें