
शिक्षा विभाग ने जारी की राज्य की ब्लॉक रैंकिंग लिस्ट जोधपुर जिला खिसका अंतिम पायदान पर ब्लॉक सुधार नहीं पाए रैंकिंग,
जोधपुर. शिक्षा विभाग की ओर से हर महीने जारी होने वाली जिलों की ब्लॉक शैक्षिक रैंकिंग में जोधपुर जिले के ब्लॉक पिछड़ रहे हैं। दो मार्च की ब्लॉक रैंकिंग में कुल 359 ब्लॉक में से चुरू का तारानगर प्रथम स्थान पर रहा। वहीं दूसरी ओर जोधपुर का पीपाड़ शहर अंतिम पायदान पर 359वीं रैंक पर है।गौरतलब है कि जोधपुर में देचू 11वें स्थान पर, घंटियाली 105वीं रैंक, शेरगढ 108वीं, बापिनी ब्लॉक 166वीं, मण्डोर 219वीं, तिंवरी 226वीं, लोहावट 227वीं, लूणी 253वीं, जोधपुर शहर 266वीं, बिलाडा 276वीं, धवा 298वीं, केरु 314वीं, भोपालगढ़ 327वीं, फलोदी 328वीं, बालेसर 348वीं, बाप 351वीं, सेखाला 352वीं, चामू 353वीं, ओसियां 357वीं, आऊ 358वीं व सबसे अंतिम पायदान पर जोधपुर का ही पीपाड़ शहर 359वीं रैंक पर है। इस सूची में अंतिम तीन ब्लॉक जोधपुर जिले से है।
इस आधार पर निर्धारित होती ब्लॉक रैंकिंग
प्रतिमाह शिक्षकों की ओर से आरकेएसएमबी के एप पर सिक्के अर्जित करने, विद्यार्थियों की इन्स्पायर अवार्ड, इंद्रा प्रियदर्शनी अवार्ड, गार्गी पुरस्कार, विज्ञान कला संस्कृति से संबंधित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की भागीदारी, विद्यार्थियों की औसत उपस्थिति, विद्यार्थियों में पुस्तकालय की पुस्तकों का वितरण, बोर्ड परीक्षा में 4 या 5 स्टार रेटिंग प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का प्रतिशत, कुल नामांकन में प्रतिशत वृद्धि, उजियारी पंचायत का प्रतिशत, विद्यार्थियों का जनाधार प्रमाणीकरण प्रतिशत, ज्ञान संकल्प पोर्टल के माध्यम से प्राप्त राशि पर आधारित अंक, पीटीएम में अभिभावकों की उपस्थिति, एसएमसी एसडीएमसी बैठक आयोजित करने वाले विद्यालयों का प्रतिशत, खेल मैदान की उपलब्धता, आईसीटी लैब व स्मार्ट कक्षा कक्ष युक्त विद्यालयों के प्रतिशत को ध्यान में रखकर रैंकिंग दी जाती है। ऐसे में जोधपुर जिले के ब्लॉक इस रैंकिंग के अनुसार सबसे ज्यादा पिछड़े दिखाई दे रहे है।
हमने इन सभी ब्लॉकों को रैंकिंग में शामिल 13 पैरा मीटरों की मॉनिटरिंग के लिए निर्देशित कर दिया है, जिससे आगामी लिस्ट में रैंकिंग का सुधार हो सकें।-भल्लूराम खीचड़, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, जोधपुर
0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें