राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड: समय पर जारी करें परिणाम, मूल्यांकन में कोताही पर करें कार्रवाई- मेहरा
अजमेर. राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के प्रशासक और संभागीय आयुक्त भंवरलाल मेहरा ने वर्ष 2023 की बोर्ड परीक्षा के परिणाम निर्धारित कार्यक्रमानुसार जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में लापरवाही करने वाले शिक्षकों के विरुद्ध दंडात्मक और विभागीय कार्यवाही की अनुशंसा शिक्षा निदेशक को करने की हिदायत भी दी। मेहरा मंगलवार को बोर्ड कार्यालय में बोर्ड अधिकारियों के साथ परीक्षा परिणाम और उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन कार्य की समीक्षा बैठक ले रहे थे।
उन्होंने कहा कि सीनियर सैकण्डरी के परीक्षार्थियों को उच्च शिक्षा में प्रवेश लेने के लिए प्रवेश परीक्षा देनी होती है। इसके लिए सीनियर सैकण्डरी परीक्षाओं के परिणाम प्राथमिकता से जारी किए जाएं।बैठक में बोर्ड सचिव मेघना चौधरी ने बताया कि प्रदेश के 9 संभागों के अधिकारी अपने संभाग के उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने वाले शिक्षकों के मूल्यांकन कार्य की प्रगति से उच्चाधिकारियों को अवगत कराएंगे।
इनकी रही मौजूदगी
बैठक में विशेषाधिकारी परीक्षा नीतू यादव, वित्तीय सलाहकार रश्मि बिस्सा, निदेशक गोपनीय-मंघाराम तोलानी, विधि अधिकारी अनिल गुप्ता, मुख्य परीक्षा नियत्रंक-राजेश निर्वाण, उपनिदेशक-राजेन्द्र गुप्ता, राकेश माथुर, निशा स्वामी, मुकेश विजय आदि उपस्थित रहे।
प्राप्तांक ऑनलाइन भेजने के निर्देश
मूल्यांकन करने वाले शिक्षकों को परीक्षार्थियों के प्राप्तांक ऑनलाइन भेजने के निर्देश दिए हैं। 23 जिलों में जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक-मुख्यालय) के नियंत्रण में केन्द्रीय मूल्यांकन जारी है। बोर्ड की परीक्षाएं गत 13 अप्रेल को समाप्त हुई थीं।

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें