Rajasthan PTET 2023 : पीटीईटी के लिए अब 19 तक करें अप्लाई 21 मई को होगा एग्जाम, अब तक साढे़ 4 लाख से ज्यादा आवेदन
दो वर्षीय बीएड और चार वर्षीय इंटीग्रेटेड बीएड कोर्स में प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन की तारीख बढ़ा दी गई हैअब अभ्यर्थी 19 अप्रैल तक आवेदन कर सकेंगे। परीक्षा का आयोजन 21 मई को होगा। अब तक प्रदेश भर से कुल 4 लाख 58 हजार 330 आवेदन जमा हुए हैं।
पीटीईटी 2023 के अजमेर जिला समन्वयक एसपीसी जीसीए के डॉ. केजी भड़ाना ने बताया कि परीक्षा की तैयारियों को लेकर सभी जिला समन्वयकों की कार्ययोजना बैठक भी 19 तारीख को होगी। उन्होंने बताया कि राज्य के शिक्षक प्रशिक्षण कॉलेजों में दो वर्षीय बीएड और चार वर्षीय इंटीग्रेटेड बीए बीएड, बीएससी बीएड में प्रवेश के लिए परीक्षा 21 मई को होगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन करने से अभी भी खासी तादाद में स्टूडेंट वंचित रह गए हैं। उन्हें एक और मौका देते हुए तारीख बढ़ाई गई है।
पीटीईटी की नोडल एजेंसी गोविंद गुरु जनजातीय यूनिवर्सिटी ने विद्यार्थियों की मांग को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन फॉर्म भरने की तारीख बढ़ाई है। राज्य समन्वयक डॉ. मनोज पंड्या के मुताबिक सभी जिलों में जिला समन्वयक के लिए आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा की ओर से आदेश जारी किए गए हैं। जिला समन्वयकों ने केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इन सहित अन्य तैयारियों को लेकर बैठक 19 अप्रैल को राजस्थान यूनिवर्सिटी में होगी। डॉ. भड़ाना ने बताया कि 12वीं साइंस पास विद्यार्थी बीएससी बीएड और बीएबीएड दोनों में आवेदन कर सकता है, लेकिन कला और वाणिज्य संकाय से पास विद्यार्थी केवल बीए बीएड में ही आवेदन कर सकते हैं।
अब तक इतने आवेदन आए
शनिवार रात तक दो वर्षीय बीएड के लिए 3 लाख 6 हजार 650 आवेदन आ चुके थे। चार वर्षीय बीए बीएड के लिए 1 लाख 5 हजार 65 आवेदन, चार वर्षीय बीएससी बीएड के लिए 46 हजार 364 आवेदन और चार वर्षीय दोनों कोर्स के लिए 53 आवेदन सहित कुल 4 लाख 58 हजार 330 आवेदन जमा हो चुके थे।
0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें