प्रवेशोत्सव का दूसरे चरण: 24 जून से विभाग शुरू करेगा हाउस होल्ड सर्वे. एक पखवाड़ा बेपरवाही, अब 7 दिन में नामांकन बढ़ाने पर रहेगा पूरा जोर
बांसवाड़ा. प्रदेश में शैक्षिक सत्र के समापन के बाद आरंभ होने वाले प्रवेशोत्सव के पहले चरण में एक पखवाड़ा बेपरवाही से निकालने के बाद अब शिक्षा विभाग सप्ताह भर के दूसरे चरण के लिए कमर कस रहा है। विभाग ने आगामी 24 जून से अनामांकित बच्चों को स्कूल से जोड़ने के लिए हाउस होल्ड सर्वे करने का खाका तैयार किया है। शैक्षिक सत्र में परीक्षा समाप्त होने के बाद शिक्षा विभाग ने ग्रीष्मावकाश से पहले प्रवेशोत्सव का पहला चरण आरंभ करने की कार्ययोजना बनाई थी, किंतु इस एक पखवाड़े में प्रवेशोत्सव के नाम पर कुछ नहीं हुआ। अधिकारी गाइडलाइन का इंतजार कर रहे और पूरा पखवाड़ा बीत गया। अब विभाग ने 24 जून से बच्चों को स्कूल से जोड़ने के लिए कार्ययोजना तय की है। इसमें विशेष रूप से हाउस होल्ड सर्वे कर ड्रॉप आउट और शिक्षा से वंचित बच्चों का स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्रों में प्रवेश कराना होगा।
तय की कार्ययोजना
विभाग ने 24 से 30 जून तक होने वाली गतिविधियों का उल्लेख शिविरा पंचांग में कर दिया है। इस अवधि में संबंधित राजकीय विद्यालयों के संस्था प्रधानों को अन्यत्र प्रवेश लेने के इच्छुक और अग्रिम कक्षाओं में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों को स्थानांतरण प्रमाण पत्र जारी करने और नवीन प्रवेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त एसआर रजिस्टर में पंजीयन संबंधी कार्य भी करवाएंगे। संस्था प्रधान नए सत्र में शिक्षण कार्य के लिए समय चक्र तैयार कराकर विषयवार अध्यापन भी आरंभ करवाएंगे। एक जुलाई को पहले ही दिन विद्यालय विकास और प्रबंधन समिति की बैठक भी होगी। सत्र पर्यंत होने वाली गतिविधियों की कार्य योजना बनाकर अनुमोदन किया जाएगा।स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश 23 जून तक रहेगा। 24 जून शनिवार को स्कूलें खुलेगी पहले ही दिन नो बैग डे होगा। पढ़ाई की बजाय विभिन्न आयोजन, प्रतियोगिताएं आदि गैर शैक्षणिक गतिविधियां होंगी।

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें