परिषद‍ीय विद्यालयों की अवकाश तालिका वर्ष 2025 देखें व करें डाउनलोड

👇Primary Ka Master Latest Updates👇

रविवार, 26 मार्च 2023

Bihar Teacher Recruitment: राज्य में बड़े पैमाने पर शिक्षकों की बहाली जल्द - मुख्यमंत्री नीतीश कुमार



 Bihar Teacher Recruitment: राज्य में बड़े पैमाने पर शिक्षकों की बहाली जल्द - मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

Bihar Teacher Recruitment 2023: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को कहा कि राज्य में बड़े पैमाने पर शिक्षकों की बहाली की जाएगी। उन्होंने कहा कि हमलोग शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम कर रहे हैं। लड़कियों के लिए साइकिल योजना और पोशाक योजना चलाई गई। 22 हजार स्कूल के भवनों का निर्माण करवाया गया। अनुसूचित जाति-जनजाति समाज के जो बच्चे पहले स्कूल नहीं जा पाते थे, उन्हें स्कूल पहुंचाया गया। बड़ी संख्या में शिक्षकों की बहाली की गई। जल्द बड़े पैमाने पर बहाली की जाएगी। श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित रामलखन सिंह यादव स्मृति समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि अब स्कूलों में पढ़नेवाली लड़कियों की संख्या लड़कों के बराबर हो गई है। सभी जिलों में इंजीनियरिंग कॉलेज खोला गया। मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। कहा कि सभी लोग अपनी बच्चियों को जरूर पढ़ाएं। अपने बच्चों को भी पढ़ाएं। बिहार में पहले प्रजनन दर 4.3 थी। लड़कियों के शिक्षित होने से यह घटकर 2.9 पर आ गई है। एक सर्वे से पता चला कि पति-पत्नी में अगर पत्नी मैट्रिक पास है तो देश की प्रजनन दर 2 थी और बिहार की भी प्रजनन दर 2 थी। पति-पत्नी में अगर पत्नी इंटर पास है तो देश की प्रजनन दर 1.7 थी जबकि बिहार की प्रजनन दर 1.6 थी। तब हमलोगों ने तय किया कि लड़कियों को शिक्षित करेंगे।


रामलखन सिंह यादव को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका जन्म 9 मार्च, 1920 को हुआ था। प्रत्येक वर्ष 9 मार्च को उनकी जयंती राजकीय समारोह के रूप में मनाई जाएगी। पटना में रामलखन सिंह यादव कॉलेज परिसर में उनकी मूर्ति लगाई जाएगी। इस पर शीघ्र काम किया जाएगा ताकि रामलखन बाबू को लोग हमेशा याद रखें और नई पीढ़ी को उनके बारे में जानकारी मिले। हम जब विधायक थे तो उनके मंत्रीत्व काल को भी नजदीक से देखा था। वे हमें काफी मानते थे। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में काफी काम किया। कई स्कूलों और कॉलेजों का निर्माण कराया। वे चाहते थे कि सभी लोगों तक शिक्षा पहुंचे। मेरे पिताजी स्वतंत्रता सेनानी थे और बख्तियारपुर में स्कूल का निर्माण कराया था। कॉलेज का भी निर्माण कराना चाहते थे। इसी दौरान रामलखन बाबू ने बख्तियारपुर में कॉलेज का निर्माण कराया। रामलखन बाबू ने पटना, पालीगंज, बख्तियारपुर, गया, जहानाबाद, औरंगाबाद सहित कई जगहों पर कॉलेज का निर्माण कराया। बिहार के किसी नेता ने इतने बड़े पैमाने पर कॉलेज नहीं बनवाया है। रामलखन बाबू अपने हित में नहीं, बल्कि लोगों के हित के लिए हमेशा काम करते रहे। सीएम ने सबों से आपस में झगड़ा न करने और प्रेम और भाईचारा के साथ मिलकर रहने की अपील की।


कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने डॉ रघुवर प्रसाद द्वारा लिखी पुस्तक 'रामलखन सिंह यादव - व्यक्तित्व एवं कृतित्व और 'दूसरा मत' पत्रिका का विमोचन किया। 'चलो चलें कलम की ओर अभियान का शुभारंभ भी किया। समारोह को सांसद रामकृपाल यादव, विधायक भाई वीरेंद्र, विधान पार्षद गुलाम गौस, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, मिथिला कला के क्षेत्र में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित डॉ भारती दयाल, रामलखन सिंह यादव के पौत्र पूर्व विधायक जयवर्धन यादव, पूर्व विधायक विजेंद्र यादव, पटना सदर के पूर्व प्रमुख यमुना प्रसाद यादव, रामलखन सिंह यादव की पौत्री शुभ लक्ष्मी, रामलखन सिंह यादव स्मृति मंच के अध्यक्ष रविरंजन, उपाध्यक्ष शौकत अली रिजवी, संयोजक इंजीनियर पप्पू यादव एवं महासचिव राजेश रंजन ने भी संबोधित किया। मौके पर पूर्व सांसद प्रकाशचंद्र, पूर्व विधान पार्षद लालदास राय सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे। 


Bihar Teacher Recruitment: राज्य में बड़े पैमाने पर शिक्षकों की बहाली जल्द - मुख्यमंत्री नीतीश कुमार Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP BASIC NEWS

0 Comments:

एक टिप्पणी भेजें