शिक्षा संबलन एप: अब अधिकारी नहीं, एप करेगा विद्यालयों का चयन,एक माह में आठ से दस स्कूलों का करना होगा ऑनलाइन निरीक्षण
श्रीगंगानगर. प्रदेश के 92 हजार सरकारी स्कूलों का निरीक्षण एप से चयन विद्यालय में ही किया जाएगा। इससे अधिकारियों की मनमर्जी पर अकुंश लगेगा। श्रीगंगानगर जिले में 1929 सरकारी विद्यालय हैं। ऐसे में अब शिक्षा विभाग के अधिकारियों की निरीक्षण को लेकर जिम्मेदारी बढ़ गई है। शिक्षा संबलन एप में मुख्यालय की ओर से जारी स्कूलों का ही तय तिथि पर अधिकारियों को निरीक्षण करना होगा। निरीक्षण के लिए विद्यालय का चयन भी एप ही करेगा। साथ ही हाथों-हाथ अवलोकन की रिपोर्ट विद्यालय से ही ऑनलाइन मौके से ही अपडेट करनी होगी। इस प्रक्रिया में 15 से 20 मिनट अधिकारियों को लगेंगे। इससे शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जगी है। साथ ही दूरस्थ स्कूलों के हालातों से भी अधिकारी वाकिफ हो सकेंगे।
एप में बदलाव कर तीनों भागों में बांटा
शिक्षा विभाग ने इस एप में बदलाव कर तीन भागों में विभाजित किया है। इसमें अधिकारी बच्चों की गुणवत्ता के साथ भौतिक संसाधनों व शिक्षकों से स्कूलों में आ रही समस्या के बारे मे जान सकेंगे। साथ ही इसमें भी जिस विद्यालय का निरीक्षण कर लिया है, उस विद्यालय का दोबारा निरीक्षण नहीं कर सकेंगे। इस एप के जरिए विद्यालयों का निरीक्षण के लिए विद्यालय का नाम, टारगेट आवंटन एवं तिथि निर्धारण भी शिक्षा अधिकारियों को स्वत: ही मिलेगा। राज्य में एक बार सभी विद्यालयों का अवलोकन पूरा होने के बाद ही दूसरे चरण के लिए उन विद्यालयों का निरीक्षण कार्यक्रम आवंटित किया जाएगा। एप में सामयिक परिदृश्य के अनुरूप प्रश्नों के हिसाब से ही विद्यालयों का निरीक्षण किया जाएगा।
नए शिक्षा सत्र से एप से शैक्षिक व्यवस्था में सुधार होगा। साथ ही एप से राज्य स्तर पर प्रभावी मॉनिटरिंग होगी। पहले शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी अपने हिसाब से विद्यालय का निरीक्षण करते थे। जबकि अब एप के जरिए ही निरीक्षण की तिथि एवं कौन अधिकारी, किस विद्यालय का निरीक्षण करेगा, उसकी जानकारी मिलेेगी। -मुकेश मलहोत्रा, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक, शिक्षा विभाग, श्रीगंगानगर।
व्यवस्था में होगा सुधार
शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि विद्यालयों के कमजोर एवं मजबूत पक्षों को जानकर मौके पर विद्यालय स्टाफ से विचार-विमर्श कर बेहतर सुधार किया जाएगा। विद्यालय संबंधी कार्यों की गुणवत्ता को जांचने, शिक्षण प्रक्रिया एवं शैक्षणिक गतिविधियों को समझने,विद्यालय प्रशासन एवं विद्यालय प्रबंध समिति के कार्यों की गुणवत्ता को समझा जाएगा।

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें