परिषद‍ीय विद्यालयों की अवकाश तालिका वर्ष 2025 देखें व करें डाउनलोड

👇Primary Ka Master Latest Updates👇

शुक्रवार, 17 मार्च 2023

घर में शिक्षक नहीं, एआई एप कराएगा बच्चों की पढ़ाई, बना मोबाइल एप



घर में शिक्षक नहीं, एआई एप कराएगा बच्चों की पढ़ाई, बना मोबाइल एप

पढ़ाई में तकनीक का इस्तेमाल लगातार बढ़ता जा रहा है। स्कूल में जहां शिक्षक बच्चों को पढ़ाई करवा रहे हैं, वहीं घर में छात्र आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से होमवर्क कर रहे हैं। एआई एप होमवर्क को जांचने के साथ सुधार का तरीका भी बता रहा है। बरेली के स्कूल भी एआई एप का प्रयोग करने लगे हैं। सीबीएसई ने पिछले दिनों आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को स्किल मॉड्यूल के रूप में प्रस्तुत किया था। सभी स्कूलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को पढ़ाने और उसके प्रयोग करने की बात कही गई थी। बरेली में विद्या भवन पब्लिक स्कूल ने इसकी शुरुआत की है।


 स्कूल ने एक निजी कंपनी के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्टूडेंट मोबाइल एप का ट्रायल शुरू किया है। इस एप के माध्यम से कक्षा छह से बारहवीं तक के छात्रों को होमवर्क दिया जा रहा है। छात्र विषय वार अपना होमवर्क प्राप्त करने के बाद एप पर ही उसको पूरा करते हैं। एप होमवर्क को जांचने के बाद छात्र के अंक बताता है। साथ ही छात्र को यह भी बताता है कि उसने होमवर्क में क्या गलतियां की हैं। एप अभिभावकों को छात्रों का फीडबैक भी देता है।


ट्रायल में पास, नए सत्र से होगा आगाज

विद्या भवन पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य संयोगिता चौधरी ने बताया कि एप को अभी ट्रायल बेस पर शुरू किया है। कक्षा छह से 12वीं तक के छात्रों और अभिभावकों ने इसको खासा पसंद किया है। हमारा नया सत्र शुरू होने जा रहा है। नए सत्र में इसको पूरी तरह से शुरू किया जाएगा। कंपनी के साथ हमारा करार फाइनल हो चुका है।


नीट, आईआईटी की भी कराएगा तैयारी

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्टूडेंट मोबाइल एप होमवर्क के अलावा नीट, आईआईटी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी करवा रहा है। एप में इन बिल्ट कंटेंट उपलब्ध है। छात्र घर बैठे इस कंटेंट की मदद से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर सकते हैं। साथ ही लगातार अपना असेसमेंट भी करवा सकते हैं।


घर में शिक्षक नहीं, एआई एप कराएगा बच्चों की पढ़ाई, बना मोबाइल एप Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP BASIC NEWS

0 Comments:

एक टिप्पणी भेजें