सरकारी विद्यालयों में आईएएस की होगी तैयारी
नागौर। बढ़ती बेरोजगारी और निरंतर प्रतियोगी परीक्षाओं के दौर को देखते हुए प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों के हित में एक बेहतर पहल की है। दरअसल राजीव गांधी वेलफेयर सोसायटी एक पहल चेरिटेबल ट्रस्ट ने भारतीय प्रशासनिक सेवा, राजस्थान प्रशासनिक सेवा तथा समान पात्रता परीक्षा जैसी प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क प्रसारण के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग के साथ एक एमओयू प्रस्तुत किया है। इससे अब सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को अब इसका फायदा दिया जाएगा। इसको लेकर विभाग की ओर से जल्द ही निर्देश जारी किए जाएंगे। एमओयू के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय समय के पूर्व अथवा स्कूल समय के बाद निशुल्क कॅरियर काउंसलिंग गाइडेंस के लिए विषय विशेषज्ञों की अाेर से ऑनलाइन कक्षाओं की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
जल्दी ही सुविधा को किया जाएगा आरंभ
इसके साथ-साथ इन परीक्षाओं के लिए जरूरी पुस्तकें उपलब्ध करवाने का काम भी ट्रस्ट स्तर पर ही किया जाएगा। राजीव गांधी वेलफेयर सोसाइटी जयपुर की एक पंजीकृत संस्था है जो स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों को निशुल्क प्रशासनिक सेवा व अन्य सरकारी नौकरियों की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयारियां करवाती है। इसके लिए राज्य के विभिन्न कॉलेजों में भी नोडल अधिकारियों को नियुक्त करके छात्रों का पंजीकरण शुरू किया गया है।
वाॅलिंटियर का पुलिस सत्यापन प्रमाण-पत्र अनिवार्य
जिन विद्यालयों में ये ऑनलाइन कक्षाएं चलेंगी वहां ट्रस्ट की ओर से विद्यालय की मांग पर वाॅलंटियर उपलब्ध करवाए जाएंगे। आदेशों में सभी संस्था प्रधानों को निर्देशित किया गया है कि विद्यालय में दायित्व देने से पहले वाॅलंटियर का पुलिस सत्यापन प्रमाण-पत्र अवश्य प्राप्त करना होगा। यह वाॅलिंटियर कक्षा संचालन के साथ उपलब्ध कराई गई विद्यालय की संपत्ति की सुरक्षा के प्रति भी उत्तरदायी होंगे।
साथ ही संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य को इन कक्षाओं के सफल संचालन के लिए एक प्रभारी अधिकारी की नियुक्ति भी करनी होगी। जानकारी के अनुसार इसे लेकर सारी तैयारियों को पूरा किया जा रहा है ताकि जल्दी ही यह व्यवस्था शुरू हो सके।

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें