RSOS : 10वीं में 68.23 और 12वीं में 49.39% विद्यार्थी उत्तीर्ण
जयपुर. शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने गुरुवार को शिक्षा संकुल में राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल परीक्षा का परिणाम जारी किया। शिक्षा मंत्री डॉ. कल्ला ने कम्प्यूटर पर क्लिक कर राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल की गत अक्टूबर और नवम्बर में आयोजित परीक्षाओं का परिणाम जारी किया। इस वर्ष कक्षा 10 का कुल परिणाम 68.23 प्रतिशत रहा। इसमें पुरुषों का परिणाम 63.49 प्रतिशत और महिला अभ्यर्थियों का परिणाम 72.48 प्रतिशत रहा। मार्च-मई 2022 की मुख्य परीक्षा का परिणाम 49.97 प्रतिशत रहा, जबकि अक्टूबर-नवम्बर की पूरक परीक्षा का परिणाम 68.23 प्रतिशत रहा।
इसी प्रकार कक्षा 12 का परीक्षा परिणाम 49.39 प्रतिशत रहा है। इसमें पुरुषों का परिणाम 52.07 प्रतिशत और महिला अभ्यर्थियों का परिणाम 47.31 प्रतिशत रहा। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने कहा कि जीवन में अर्जित विद्या और ज्ञान का विवेकपूर्ण उपयोग जरूरी है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति जीवन में पढ़ना और आगे बढ़ना चाहता है, ऐसे में विद्यार्थी सदैव विषय के प्रति जिज्ञासु रहते हुए विद्या को ग्रहण करने के लिए तत्पर रहें।
नो बैग डे के तहत चैस इन स्कूल एक्टिविटी के किए गए नवाचार में 38 लाख 21 हजार 9 विद्यार्थियों की भागीदारी का वर्ल्ड बुक ऑफ रेकॉर्ड्स बना है। इस उपलब्धि पर वर्ल्ड रेकॉर्ड का प्रमाण पत्र गुरुवार को शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला को दिया गया। वर्ल्ड बुक ऑफ रेकॉर्ड्स, लंदन के इंडिया चैप्टर में राजस्थान के वाइस प्रेसिडेंट प्रथम भल्ला ने यह अवॉर्ड दिया।
0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें