डोटासरा: तबादले नहीं खोले तो 13 जिलों में शिक्षक कपड़े फाडे़ंगे गहलोत: शिक्षक दलाल के पास गए तो तबादला निरस्त कर दूंगा
जयपुर. राजस्थान महाविद्यालय परिसर में राजस्थान शिक्षा सेवा प्राध्यापक संघ (रेसला) और राजस्थान शिक्षा सेवा परिषद (प्रधानाचार्य) रेसा-पी की ओर से सत्कार-2023 समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, शिक्षा मंत्री बी.डी. कल्ला और पीसीसी अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा ने शिरकत की। कार्यक्रम में तृतीय श्रेणी शिक्षक तबादलों की मांग शिक्षकों से लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डोटासरा ने भी उठाई। डोटासरा ने मुख्यमंत्री से यहां तक कह डाला कि तबादले नहीं खोले तो 13 जिलों में नई भर्ती से एक भी शिक्षक नहीं आएगा। ऐसे में वहां बरसों से कार्यरत और तबादले के इंतजार कर रहे (आशार्थी) शिक्षक हमारे कपड़े फाड़ेंगे। इसलिए नई नियुक्ति से पहले ही तबादले किए जाए।
तबादले के लिए जयपुर में भीड़ नहीं करें: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने तबादलों को हरी झंड़ी देते हुए कहा कि हम पॉलिसी के तहत तबादले करना चाहते थे। हमारी कमजोरी रही कि पॉलिसी नहीं बना पाए। लेकिन फिलहाल मापदंड तय कर तबादले करेंगे। इनमें भ्रष्टाचार नहीं हो। कोई भी शिक्षक दलाल के पास गया तो तबादला निरस्त कर दूंगा। शिक्षक तबादले के लिए जयपुर में भीड़ नहीं करें।
डोटसरा के कल्ला पर तंज
समारोह में बी.डी. कल्ला ने भी भाषण दिया, लेकिन थर्ड ग्रेड तबादलों पर नहीं बोला। इस पर डोटासरा ने कहा कि मैंने सोचा कल्ला कुछ बोलेंगे, लेकिन वेे भूल गए कोई बात नहीं, उम्र का असर है, आपका दोष नहीं।
डोटासरा ने सीएम से कहा- आपने सही समय पर शिक्षा मंत्री पद से हटा दिया, नहीं तो अब कपड़े फटने वाला वक्त है। काम नहीं होने पर चुनाव के नजदीक शिक्षा मंत्री के कपड़े फटे बिना नहीं रहते, मैं तो सुरक्षित निकल गया। मेरी पत्नी आपको दुआ देती है।
केंद्र ने एनपीएस का पैसा नहीं दिया तो सुप्रीम कोर्ट जाएंगे
समारोह में मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि केंद्र ने एनपीएस का पैसा नहीं दिया तो सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मित्र कहकर बोलते हैं फिर मेरी ही सरकार की ऐसी की तैसी करते हैं। गहलोत ने कहा कि मोदी कह चुके हैं कि देश में सबसे वरिष्ठ मुख्यमंत्री मैं हूं। ऐसे में उन्हें मेरे अनुभव का लाभ लेना चाहिए। हमने ओपीएस लागू की, मोदी को बड़ा दिल रख देशभर में ओसीएस लागू करनी चाहिए।

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें