154 स्कूल 8वीं में क्रमोन्नत, प्रवेश नए सत्र से:नहीं बदलना पड़ेगा स्कूल, बीकानेर सहित 15 जिलों के स्कूल अपग्रेड
नए शिक्षा सत्र 2023-24 में बीकानेर सहित 15 जिलों के 154 राजकीय प्राथमिक स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अपना स्कूल नहीं बदलना पड़ेगा। शिक्षा विभाग ने नया सत्र शुरू होने से पहले राज्य के 156 प्राइमरी स्कूलों को आठवीं में क्रमोन्नत करने की स्वीकृति जारी कर दी है।प्रारंभिक शिक्षा निदेशक गौरव अग्रवाल ने इस संबंध में सोमवार को आदेश जारी किए हैं। क्रमोन्नत होने वाले इन स्कूलों में शिक्षा सत्र 2023-24 से कक्षा 6 में एडमिशन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक गौरव अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि पर्याप्त नामांकन होने पर सातवीं और आठवीं कक्षा भी एक साथ शुरू की जा सकेगी।
नए क्रमोन्नत स्कूलों में पदों का आवंटन शिक्षा विभाग में उपलब्ध अधिशेष पदों में से स्टाफिंग पैटर्न के निर्धारित प्रावधानों के मुताबिक किया जाएगा। जिन स्कूलों में नामांकन किया अपेक्षा शिक्षकों की संख्या अधिक है। उन स्कूलों से लेवल दो के तीन शिक्षकों को क्रमोन्नत स्कूलों में लगाया जाएगा। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक ने इस संबंध में संबंधित मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
सबसे अधिक बाड़मेर के 33, जालौर, करौली व अलवर का एक-एक स्कूल
क्रमोन्नत स्कूलों की सूची में सबसे अधिक 33 स्कूल बांसवाड़ा जिले के हैं। बीकानेर जिले के 11 स्कूलों को अपग्रेड किया गया है। इसके अलावा अजमेर के 10, चित्तौड़गढ़ के आठ, चूरू के चार, डूंगरपुर के 6, हनुमानगढ़ के तीन, जयपुर के दो, जोधपुर के 26, जैसलमेर 20, नागौर के 12, उदयपुर के 16 और जालौर, करौली व अलवर का एक-एक स्कूल शामिल है। बीकानेर जिले में खाजूवाला ब्लॉक के 4, पूगल ब्लॉक के छह और बीकानेर ब्लॉक के एक स्कूल को क्रमोन्नत किया गया है।

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें