सीएम अनुप्रति कोचिंग पोर्टल शुरू:प्रतियोगी परीक्षा की तैयारियों के लिए सीएम अनुप्रति कोचिंग पोर्टल शुरू, ऑनलाइन आवेदन 20 अप्रैल तक
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से गरीब अभ्यर्थियों के लिए सीएम अनुप्रति कोचिंग योजना का नया पोर्टल शुरू किया गया है, जिसमें अभ्यर्थी 20 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक डाॅ. करतार सिंह मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना के नवीन पोर्टल के लिए जिले के अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया आवेदन दो चरणों में होगा। पहले चरण के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद परीक्षार्थियों की मेरिट का निर्धारण अलग अलग कोर्स के अनुसार न्यूनतम योग्यता 12वीं व 10वीं प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा।
योजना में शामिल होने वाला अभ्यर्थी राजस्थान का मूल निवासी हो, अभ्यर्थी एससी, एसटी, ओबीसी, एमबीसी, ईडब्ल्यूएस, अल्प संख्यक व विशेष योग्यजन वर्ग का सदस्य हो, माता-पिता व अभिभावक की वार्षिक आय 8 लाख से कम हो, जिनके माता पिता राज्य सरकार के कार्मिक होने पर पे मैट्रिक्स का लेवल 11 तक वेतन प्राप्त कर रहे हो, अभ्यर्थी द्वारा पूर्व में संचालित अनुप्रति योजना का लाभ नहीं लिया हो। इस योजना में शामिल हो सकते हैं। सीएम अनुप्रति योजना अंतर्गत शुरू किए नए पोर्टल में 12 पाठ्यक्रमों को शामिल किया गया है, जिसके लिए 30 हजार सीटों का श्रेणीवार वर्गीकरण किया है। इन सीटों में यूपीएससी की 600, आरएएस की 1500, सब इंस्पेक्टर या लेवल-10 के ऊपर की भर्तियां 2400, रीट 4500, लेवल 5 से लेवल 10 तक की भर्तियां 3600, कांस्टेबल भर्ती 2400, मेडिकल व इंजीनियरिंग की 12000, क्लैट व अन्य 3000 सहित कुल 30 हजार सीटें हैं।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक डाॅ. करतार सिंह मीणा ने बताया कि पहले चरण में कोचिंग करने के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि 20 अप्रैल निर्धारित है। इसके बाद आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को इसमें शामिल नहीं किया जाएगा। अंतिम तिथि के बाद वरीयता सूची जारी की जाएगी।
0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें