Admission Alert: सरकारी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया 3 मई से
बीकानेर. प्रदेश में शिक्षा विभाग के अधीन संचालित महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में सत्र 2023-24 के लिए प्रवेश संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. शिक्षा विभाग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार नए सत्र के लिए 3 मई से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी. शिक्षा निदेशक गौरव अग्रवाल के मुताबिक़ जिन अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में प्री-प्राइमरी कक्षाएं एव बाल वाटिकाएं संचालित की जा रही हैं, उनमें कक्षा नर्सरी में सभी सीटों पर नया प्रवेश दिया जायेगा. एलकेजी से यूकेजी तक पिछले सत्र की स्वीकृत सीटों में से रिक्त सीटों पर ही प्रवेश दिया जा सकेगा.
पूर्व में सत्र 2022-23 तक स्थापित और संचालित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालयों में अंग्रेजी माध्यम में जहां कक्षा 1 से 5वीं, 8वीं और कक्षा 1 से 11 संचालित हो रही थी. वहां सत्र 2023-24 में क्रमशः अगले स्तर पर कक्षा 6, 9 और 12 का संचालन किया जायेगा. सभी कक्षा में सभी सीटों पर नियमानुसार नवीन प्रवेश दिया जा सकेगा. वर्तमान में महात्मा गांधी स्कूलों में कक्षा 1 से 10 तक अंग्रेजी माध्यम में संचालन किया जा रहा है. उनमें कक्षा 11 में प्रवेश प्रक्रिया के लिये बाद में अलग से दिशा-निर्देश जारी किये जाएंगे.
नियमित विद्यार्थी के लिए छूटः सत्र 2023-24 के लिए नवीन स्थापित या फिर रूपान्तरित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालयों एवं राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में कक्षा 1 से 5 में समस्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा. इन विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी यदि अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा नियमित नहीं रखना चाहते हों, तो उन्हें नजदीक के हिन्दी माध्यम के विद्यालय में प्रवेश दिलाया जाएगा और अंग्रेजी माध्यम के इच्छुक विद्यार्थी अपने अध्ययन को उसी विद्यालय में नियमित रख सकेंगे.
भामाशाह का कोटाः 50 लाख रूपए से अधिक राशि के विकास कार्य करवाने वाले भामाशाहों की अभिशंषा पर संबंधित विद्यालय की प्रत्येक कक्षा में अधिकतम 2 एवं सम्पूर्ण विद्यालय में प्रतिवर्ष अधिकतम 10 विद्यार्थियों को प्रवेश दिए जाने के लिए प्रवेश कोटा निर्धारित किया गया है. यह कोटा उक्त विद्यालयों में संचालित कक्षाओं की निर्धारित सीटों के अतिरिक्त सीटों के लिए होगा. प्रवेश सम्बन्धी कार्य पूर्ण निष्पक्षता एवं पारदर्शिता से करवाने के लिए करवाये जाने के लिए प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी तय की गई है. प्रधानाचार्य नहीं होने की स्थिति में वर्तमान पीईईओ, यूसीईईओ, संस्था प्रधान को यह कार्य करना होगा. प्राप्त आवेदन पत्रों की पारदर्शी तरीके से लॉटरी निकाल कर प्रक्रिया की जानी है.
आदेश के अनुसार 3 मई को अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में प्रवेश की विज्ञप्ति जारी होगी. 4 से 9 मई तक आवदेन लिए जाएंगे. 11 मई को प्राप्त आवेदनों की सूची नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जाएगी. वहीं 12 मई को लॉटरी निकाली जाएगी. 13 मई को चयनित विद्यार्थियों की सूची नोटिस बोर्ड पर लगाई जाएगी. 15 मई से प्रवेश कार्य शुरू होगा और 1 जुलाई से शिक्षण कार्य शुरू होगा.
0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें