थर्ड ग्रेड टीचरों के ट्रांसफर खोलने की मांग:नवलगढ़ में मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, कहा-गैर शैक्षणिक कामों से करें मुक्त
राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत उपशाखा नवलगढ़ की ओर से थर्ड ग्रेड टीचरों के ट्रांसफर खोलने की मांग की गई। इस दौरान संघ के लोगों ने तहसीलदार के जरिए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान ज्ञापन में ट्रांसफर खोलने, उप प्रधानाचार्य के 50 प्रतिशत पद सीधी विभागीय भर्ती से भरने औक शिक्षकों की गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करने की मांग की गई।
इस दौरान जिला मंत्री जगदीश सिंह ढाका ने बताया कि प्रांतीय आह्वान पर संघर्ष समिति के बैनर तले आंदोलन कई चरणों में सभी उपखंडों, जिला और संभाग मुख्यालयों पर इसी प्रकार विरोध सभा और विरोध प्रदर्शन का आयोजित किया जाएगा। जब तक सरकार वाजिब मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं कर लेती है, तब तक संघर्ष का कार्यक्रम जारी रहेगा और संघर्ष की धार और तेज की जाएगी।
30 अप्रैल 2023 को दोपहर से थर्ड ग्रेड के टीचरों के ट्रांसफर और उप प्रधानाचार्य के पद पर 50 प्रतिशत सीधी भर्ती की मांग को लेकर जिला कलेक्ट्रेट झुंझुनू मे 24 घंटे का सामूहिक उपवास रखा जाएगा। संघर्ष के आखिरी चरणों में 23 मई 2023 को शिक्षा निदेशालय पर पड़ाव और मांगे नहीं माने जाने पर 28 मई को बीकानेर से जयपुर के लिए पैदल मार्च निकाला जाएगा।
इस दौरान केंद्र सरकार पर राष्ट्रीय शिक्षा नीति के द्वारा वर्तमान शैक्षणिक ढांचे को तबाह करने और छात्र,शिक्षक और शिक्षा विरोधी बताते हुए इसे तुरंत प्रभाव से वापिस लेकर सर्व सुलभ सार्वभौमिक शिक्षा की व्यवस्था करने की मांग की। इस मौके पर ज्ञापन देने वालों में मौजी राम, राजपाल सिंह, रतनलाल, नदकिशोर, योगेश कुमार, विद्यासागर, जगदीप, मक्खन लाल सहित अनेक शिक्षक मौजूद थे।
0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें