शिक्षा विभाग में प्रतिनियुक्ति का खेल: एक शिक्षक पर ऐसी मेहरबानी, नियुक्ति के छह माह में ही मिल गई प्रतिनियुक्ति
सिणधरी . उपखंड क्षेत्र के कादानाड़ी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत एक शिक्षक की नियुक्ति के 6 महीने बाद ही मौज लग गई। विभाग ने सभी नियमों को किनारे रखते हुए पदभार ग्रहण करने के छह महीने बाद ही शिक्षक की घर के पास ही प्रतिनियुक्ति कर दी। चौंकाने वाली बात यह कि नौकरी घर के पास लेकिन वेतन घर से 600 किलोमीटर दूर बन रहा है। स्थानीय विद्यालय के विद्यार्थियों को अंग्रेजी पाठ्यक्रम से बाधित होना पड़ रहा है। कई बार शिकायत एवं मांग के बावजूद भी विभाग कोई भी कार्रवाई नहीं कर रहा है।शिक्षक की प्रतिनियुक्ति के बाद का राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में अंग्रेजी विषय के अध्यापक का पद भरा हुआ बता रहा है , जिसके चलते यहां पर दूसरे शिक्षक की भी नियुक्ति नहीं हो रही है, जिससे विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है।
सौंपा ज्ञापन, नहीं हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार कादानाडी विद्यालय में अंग्रेजी का शिक्षक नहीं होने से विद्यार्थियों के अभिभावकों ने कई बार निदेशालय, संपर्क पोर्टल, जिला शिक्षा अधिकारी ,मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य मंत्री गणों को ज्ञापन सौंपा लेकिन आज दिन तक शिक्षक की प्रतिनियुक्ति रद्द नहीं हुई है। ना ही दूसरे शिक्षक की नियुक्ति हो पा रही है, जिसके चलते विद्यालय के विद्यार्थी अंग्रेजी विषय का इंतजार कर रहे हैं।
6 महीने बाद ही मिल गई प्रतिनियुक्ति
अंग्रेजी विषय के अध्यापक ने राजकीय उच्च माध्यमिक में 6 महीने के लिए नौकरी की थी जिसके बाद निदेशक माध्यमिक शिक्षा विभाग बीकानेर ने 4 फरवरी 2021 को आदेश जारी करते हुए अंग्रेजी विषय के अध्यापक को घर के नजदीक प्रतिनियुक्ति पर रख दिया। जिसके बाद लगातार शिक्षक की सैलरी कादानाडी विद्यालय से प्रति महीने खाते में जमा हो रही है।
निदेशक लेवल से शिक्षक की प्रतिनियुक्ति हुई है। मेरी नियुक्ति से पहले का मामला है। इसको लेकर संपर्क पोर्टल पर शिकायत भी दर्ज हुई थी, जो हमारे पास आई, उसको हमने जिला व निदेशक तक भेज दी गई है। बाकी किस आधार पर प्रतिनियुक्ति हुई है, यह हमारी जानकारी में नहीं है । वेतन जरूर यहां से बन रहा है।-ईश्वर राम जाखड़ मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी पायला कला
यह मामला उच्च स्तर का है । मैं एक बार कादानाडी गया था। ग्रामीणों ने विरोध किया था। हमने भी विभाग को पत्र लिखे हैं। एक बार फिर पत्र लिखकर विभाग को बताएंगे। जयपुर या फिर बीकानेर लेवल से शिक्षक की प्रतिनियुक्ति हुई है। सीबीईओ से पत्र व्यवहार करेंगे।-राजन शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक बाड़मेर

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें