NEP-2020:आर्टिफिशियल इंटेलीजेंसी भी सीखेंगे छठी से 8वीं कक्षा तक के स्टूडेंट्स, 12 से 15 घंटे का काेर्स होगा
नए सत्र से राजस्थान सहित देश भर के सीबीएसई से संबद्ध मिडिल स्कूलों के कक्षा 6 से 8वीं में शिक्षा प्राप्त करने वाले स्टूडेंट्स आर्टिफिशियल इंटेलीजेंसी सहित विभिन्न विषयों की कौशल शिक्षा प्राप्त करेंगे। सीबीएसई द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की अनुपालना में यह कवायद कराई जा रही है। सीबीएसई द्वारा तैयार किए गए कौशल शिक्षा के मॉड्यूल की एक लिस्ट जारी कर स्कूलों को भेजी गई है।
सीबीएसई की ओर से स्कूलों के लिए जारी पत्र में कहा गया है कि हम सब जानते हैं कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में स्कूलों में कौशल शिक्षा को बढ़ावा देने पर काफी जोर दिया गया है। इस नीति का उद्देश्य व्यावसायिक शिक्षा से जुड़े सामाजिक स्थिति के पदानुक्रम को दूर करना है और चरणबद्ध तरीके से सभी शिक्षा संस्थानों में व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रमों को मुख्यधारा की शिक्षा में एकीकृत करने की आवश्यकता है। मिडिल और माध्यमिक विद्यालय में शुरुआती उम्र में व्यावसायिक कोर्स शुरुआत करते हुए, गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक शिक्षा को उच्च शिक्षा में सुचारू रूप से एकीकृत किया जाएगा।
यह सुनिश्चित करेगा कि प्रत्येक बच्चा कम से कम एक व्यवसाय सीखें।
‘बैगलेस डेज’ के समय रहेगा कौशल मॉड्यूल का शिड्यूल
स्कूल में कौशल मॉड्यूल 12-15 घंटे की अवधि के होंगे। समय अवधि का 70% व्यावहारिक गतिविधियों और 30% सिद्धांत के लिए समर्पित रहेगा। कौशल मॉड्यूल सिखाने के लिए स्कूल ‘बैगलेस डेज’ या छुट्टी के समय (विंटर ब्रेक, ऑटम ब्रेक, समर ब्रेक) या समर कैंप या एक्टिविटी पीरियड आदि का उपयोग किया जा सकेगा। स्कूल इस शैक्षणिक सत्र से अधिक से अधिक छात्रों को कौशल मॉड्यूल चुनने के लिए प्रोत्साहित करें, विद्यालय या छात्र छठी, सातवीं व आठवीं कक्षा में कोई भी कौशल मॉड्यूल चुनने के लिए स्वतंत्र हैं। विद्यालय इन कौशल मॉडयूलों को पढ़ाने के लिए शिक्षकों/प्रशिक्षकों को नियुक्त कर सकता है। मौजूदा शिक्षकों को भी इन मॉड्यूल के शिक्षण के लिए प्रतिनियुक्त किया जा सकता है।
माध्यमिक, उच्च माध्यमिक जैसे ही मॉड्यूल
सीबीएसई ने मिडिल स्कूलों के कक्षा VI-VIII के छात्रों के लिए विभिन्न कौशल मॉड्यूल (प्रत्येक 12-15 घंटे की अवधि का) पेश किए हैं। ये माध्यमिक और उच्च माध्यमिक कक्षाओं में पेश किए जा रहे कौशल विषयों के अनुरूप हैं। जो मॉड्यूल तैयार किए गए हैं, उनका विवरण भी जारी किया है।
मॉड्यूल एक नजर में
- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस
- सौंदर्य और कल्याण
- डिजाइन थिंकिंग एंड इनोवेशन
- वित्तीय साक्षरता
- हस्तशिल्प
- सूचना प्रौद्योगिकी
- विपणन/वाणिज्यिक अनुप्रयोग
- मास मीडिया - मीडिया साक्षर होना
- यात्रा और पर्यटन
- कोडिंग
- डेटा साइंस (केवल आठवीं कक्षा)
- संवर्धित वास्तविकता / आभासी वास्तविकता
- डिजिटल नागरिकता
- दवा और टीके का जीवन चक्र
- घर में दवाई रखने के बारे में आपको जो बातें पता होनी चाहिए
- जब डॉक्टर आसपास न हो तो क्या करें
- मानवता और कोविड-19
- ब्लू पॉटरी
- मिट्टी के बर्तन
- ब्लॉक प्रिंटिंग
- भोजन
- खाद्य संरक्षण
- पकाना
- हर्बल विरासत
- खादी
- मुखौटा बनाना
- मास मीडिया
- एक ग्राफिक उपन्यास बनाना
- कश्मीरी कढ़ाई
- कढ़ाई
- रॉकेट
- उपग्रह
- उपग्रहों का अनुप्रयोग।

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें