School Closed : यूपी व बिहार में कई जगह स्कूल बंद, कहीं समय बदला, जानें दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों का हाल
School Closed , Schools Timing Changed : देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू के चलते स्कूल बंद कर दिए गए हैं। कई राज्यों में स्कूलों को समय बदल दिया गया है। बच्चों को स्कूल आने-जाने में तपिश से बचाने के लिए कुछ राज्य सरकारों ने स्कूलों के लिए गाइडलाइंस जारी की है। देश के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार को तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के कारण लू की स्थिति बनी रही। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर और प्रयागराज में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को लगातार चौथे दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। दिल्ली, बिहार, ओडिशा, झारखण्ड, त्रिपुरा, मेघालय, पश्चिम बंगाल की सरकारों ने स्कूलों को लेकर निर्देश जारी किए हैं। यहां पढ़ें किस राज्य के स्कूलों की क्या है स्थिति -
उत्तर प्रदेश
गाजीपुर में 8वीं तक के स्कूलों को 21 अप्रैल तक बंद कर दिया गया है। इसके अलावा यूपी के कई जिलों में 8वीं तक के स्कूलों का समय 12 बजे तक का कर दिया गया है। लखनऊ में गर्मी को देखते हुए स्कूलों का समय बदला। कक्षा एक से आठ तक स्कूल का अब समय सुबह 7.30 से 12: 30 बजे तक, कक्षा से 9 से 12 तक 7:30 से दोपहर 1: 30 तक समय किया गया।
वाराणसी में कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों को 11.30 बजे तक ही खोलने का आदेश दिया गया है। प्रयागराज में 8वीं तक के स्कूल सुबह 7 बजे से 12 बजे तक ही खुलेंगे। हरदोई में कक्षा एक से 8 तक के स्कूल 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक खुलेंगे। शिक्षक 15 मिनट पहले पहुंचेंगे। छुट्टी के बाद 30 मिनट तक स्कूल में रुकेंगे।
बिहार
बिहार के मुंगर में 5वीं तक के स्कूलों को 22 अप्रैल तक बंद कर दिया गया है। पटना में सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल 10.45 बजे तक ही खुलेंगे। इसके बाद स्कूल बंद कर दिए जाएंगे। वहीं बिहार के बांका में डीएम ने सभी स्कूलों को 11:45 बजे तक संचालित करने का निर्देश दिया है। मौसम विभाग ने बिहार के पटना, बांका, जमुई, नवादा, औरंगाबाद, सुपौल और कई अन्य जिलों में मंगलवार से दो दिनों तक 'लू' चलने की चेतावनी के साथ 'नारंगी' अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, राज्य के बेगूसराय, नालंदा, गया, अरवल, भोजपुर, रोहतास, बक्सर, खगड़िया और मुंगेर क्षेत्रों में भी 'येलो' चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग की ओर से 'मौसम की चेतावनी' के लिए चार रंग कोड - हरा (किसी कार्रवाई की आवश्यकता नहीं), पीला (देखें और सतर्क रहें), नारंगी (तैयार रहें) और लाल (कार्रवाई करें) का उपयोग करता है। बिहार आपदा प्रबंधन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “लोगों को गर्मी से बचने के लिए बाहर न निकलने की सलाह दी जाती है।”
दिल्ली
दिल्ली सरकार ने स्कूलों को बंद करने या टाइमिंग बदलने को लेकर अभी कोई भी आदेश नहीं दिया है। हालांकि दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने बच्चों को तपिश से बचाने के लिए कुछ दिशानिर्देश जरूर जारी किए हैं- जैसे दोपहर की पाली में असेंबली न कराना, वाटर-ब्रेक देना, सर को ढक करने के लिए स्टूडेंट्स को प्रोत्साहित करना, स्कूल में वाटर सप्लाई सुनिश्चित करना आदि शामिल हैं।
झारखंड
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के आदेश के बाद स्कूली शक्षिा एवं साक्षरता विभाग ने झारखण्ड राज्य में अत्यधिक गर्मी पड़ने एवं लू को ध्यान में रखते हुए राज्य में संचालित सभी कोटि के सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त / गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) एवं निजी स्कूलों में कक्षा के जी से 05 तक की कक्षाएं सुबह 7.00 बजे से 11.00 बजे तक एवं कक्षा 06 से ऊपर की कक्षाएं सुबह 7.00 बजे से 12:00 बजे तक संचालित करने का निर्देश जारी का दिया है। इस अवधि में प्रार्थना सभा या खेलकूद एवं अन्य गतिविधियां धूप में संचालित नहीं की जाएगी, परन्तु मध्याह्न भोजन का संचालन जारी रहेगा।बच्चों की पढ़ाई में होनेवाली क्षति की भरपाई के संबंध में अलग से निर्णय लेते हुए स्कूल प्रबधन को सूचित किया जाएगा। यह आदेश 19 अप्रैल 2023 से 25 अप्रैल 2023 तक लागू रहेगा।
पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल सरकार ने गर्मी के चलते पर्वतीय इलाकों को छोड़कर शेष अन्य स्थानों पर चल रहे सरकारी और निजी स्कूलों को 24 अप्रैल तक बंद रखने के लिए आदेश दिए हैं।
मेघालय
मेघालय सरकार ने भी स्कूलों को बढ़ते तापमान के चलते 19 अप्रैल से 3 दिनों के लिए बंद रखने की घोषणा की है।
त्रिपुरा
त्रिपुरा सरकार ने भी सभी स्कूलों को 23 अप्रैल तक बंद रखने के आदेश दिए हैं।
0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें