नए शिक्षा सत्र में नए भवन में बढ़ी महाविद्यालय संचालन की उम्मीद
बांसवाड़ा. मुख्यमंत्री बजट घोषणा के अन्तर्गत जिले में विगत वर्षों में निरंतर नए कॉलेज की घोषणा के बाद इनके भवनों का कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। इससे उम्मीद है कि आगामी नए सत्र में नए भवनों में नवीन घोषित महाविद्यालयों का संचालन आरंभ हो जाएगी। जनजाति बहुल जिले में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार की ओर से विगत वर्षों में सज्जनगढ़, गांगड़तलाई, आनंदपुरी, छोटी सरवन, कुशलगढ़ कन्या व गढ़ी में राजकीय महाविद्यालयों की घोषणा की गई है। इसके बाद जिले में दस राजकीय महाविद्यालय हो गए हैं। इसमें बांसवाड़ा जिला मुख्यालय पर दो, कुशलगढ़ में दो कॉलेज हैं। नए महाविद्यालयों के साथ ही जिले में सह शिक्षा के सात और छात्राओं के दो सहित दस राजकीय महाविद्यालय हो गए हैं। इसमें गनोड़ा में संस्कृत कॉलेज भी सम्मिलित है।
अंतिम चरण में चल रहा काम
आनंदपुरी, छोटी सरवन, कुशलगढ़ कन्या, सज्जनगढ़, गांगड़तलाई में नए घोषित राजकीय महाविद्यालयों में भूमि व बजट आवंटन, निविदा प्रक्रिया व कार्यादेश जारी होने के बाद अधिकांश का निर्माण कार्य अंतिम चरण व कुशलगढ़ कन्या का करीब 50 फीसदी हो गया है। सज्जनगढ़ में विधायक मद में चार कक्षों के निर्माण के बाद उन्हीं में कॉलेज संचालित हो रहा है। कार्यवाहक प्राचार्य लोकेंद्र कुमार के अनुसार छोटी सरवन में कॉलेज राजकीय उमावि के पुराने भवन में संचालित हो रहा है। यहां संवेदक ने 31 जुलाई तक कार्य पूर्ण कर हस्तांतरण को आश्वस्त किया है। ऐसे में उम्मीद है कि नए सत्र में नए भवन में संचालित होगा। वहीं गत वर्ष घोषित कुशलगढ़ कन्या महाविद्यालय का कार्य करीब 50 फीसदी के आसपास हुआ है। प्रभारी प्राचार्य महेंद्र कुमार देपन ने कहा कि यहां अक्टूबर-नवम्बर तक कार्य पूरा होने की संभावना है।
गढ़ी में भूमि आवंटन
राज्य सरकार ने इस वर्ष के बजट में गढ़ी में राजकीय महाविद्यालय खोलने की घोषणा की। इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से भूमि आवंटन हो गया है। यहां निर्माण कार्य शेष है। गौरतलब है कि जिले के नए महाविद्यालयों में कला संकाय की स्वीकृति दी है। इसमें दो-दो सेक्शन चलेंगे। प्रत्येक सेक्शन में 80 विद्यार्थी रहेंगे।

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें