बीएलओ ट्रेनिंग का दूसरे दिन भी बहिष्कार:राजसमंद के शिक्षकों ने गैर शैक्षणिक कार्यों का किया विरोध
शिक्षक बीएलओ संघर्ष समिति के आह्वान पर जारी गैर शैक्षणिक कार्यों के विरोध में राजसमंद के विभिन्न शिक्षक संगठनों ने बुधवार को दूसरे दिन भी बीएलओ ट्रेनिंग का बहिष्कार किया। राजसमंद पंचायत समिति मुख्यालय में आयोजित बीएलओ प्रशिक्षण सभागार के बाहर शिक्षकों ने बहिष्कार करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षक संघ राष्ट्रीय के प्रदेश प्रतिनिधि सतीश आचार्य ने कहा कि बीएलओ जैसे कार्य से स्कूल की शिक्षण व्यवस्था बिगड़ती जा रही है । पूर्व जिला मंत्री राजेंद्र सिंह चारण ने कहा कि छात्रों के हित में शिक्षक वर्ग लगातार आंदोलन कर रहा है। शिक्षक को मूल कार्य से भटकाया जा रहा है, जिससे विद्यालयों का परीक्षा परिणाम निरंतर गिरता जा रहा है। इस दौरान संघर्ष समिति के प्रदेश संयोजक मुकेश शर्मा, जिला मंत्री शिक्षक संघ राष्ट्रीय महेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया।
एक महीने से चल रही है ट्रेनिंग
जानकारी के अनुसार इस वर्ष से निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार मतदाता अपडेशन का कार्य किया जा रहा है। पिछले एक महीने से ये काम चल रहा है। शिक्षकों का कहना है कि इस काम से विद्यार्थियों को ही नुकसान हो रहा है। इस दौरान विनोद आचार्य, किशन खत्री, घनश्याम खत्री, पूरन दाधीच, अरुण कुमार, रतन लाल आर्य, मुकेश शर्मा, कैलाश चंद्र भील, राजेश रेगर, जानकी लाल विजयवर्गीय, महेश महावर, दिलीप सिंह राठौड़ ,चंद्रशेखर ठाकुर ,संदीप नंदवाना, विनय त्रिवेदि, जगदीश मीणा और संपत खटीक आदि मौजूद थे।

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें