आंगनबाड़ी केंद्र होंगे स्मार्ट, भामाशाहों के सहयोग से लगेंगे टीवी
बीकानेर . अब तक सरकारी स्कूलों में ही स्मार्ट टीवी से पढाई होती थी, लेकिन अब आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चे भी टीवी से पढ़ाई कर सकेंगे। आंगनबाड़ी केंद्र जल्द ही स्मार्ट होने जा रहे हैं। इसको लेकर जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से केंद्रों पर नवाचार करने के लिए पहल की गई है। केंद्रों का रूप निखारने के लिए रंग-रोगन पहले ही करवा दिया गया है। अब जिले के विभागीय भवनों में संचालित होने वाले केंद्रों पर स्मार्ट टीवी लगाने का प्लान तैयार किया गया है। इस योजना के तहत शहर के भामाशाहों से मदद ली जाएगी। उम्र हिसाब से बच्चों के लिए मॉड्यूल भी तैयार करवाए जाएंगे। जिसके जरिए खेल के साथ-साथ पढाई करवाई जा सकेगी। जानकारी के अनुसार अगले सत्र तक सभी केंद्रों में टीवी लगा दी जाएगी।
तैयार होंगे मॉड्यूल
स्मार्ट टीवी लगने के बाद केंद्र पर आने वाले बच्चे मॉड्यूल के माध्यम से पढाई कर सकेंगे। इसके लिए विभाग की ओर से मॉड्यूल तैयार करवाए जाएंगे। तीन से चार वर्ष, 4 से 5 व 5 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए अलग-अलग मॉड्यूल तैयार होंगे। इनमें खेलों के साथ-साथ पढ़ाई करवाई जाएगी। इनमें कविताएं, गिनती सहित पढाई सम्बंधित अन्य चीजें जोड़ी जाएंगी।
जिला कलक्टर के मार्गदर्शन में योजना तैयार की गई है। जिसके तहत सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर रंग-रोगन होगा। कई केंद्रों पर यह कार्य हो गया है। इसके साथ ही भामाशाहों के सहयोग से टीवी लगाने की योजना बनाई गई है। उम्मीद है कि जल्द से जल्द यह कार्य शुरू हो जाएगा।- शारदा चौधरी, उप निदेशक, महिला एवं बाल विकास विभाग

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें