
प्रारंभिक शिक्षकों के दस्तावेज तथा पात्रता जांच शुरू, 17 जुलाई तक जारी रहेगी काउंसलिंग
बीकानेर. प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय अध्यापक सीधा भर्ती 2022 के लेवल वन के सफल अभ्यर्थियों की काउंसलिंग बुधवार से शुरू हुई। इस काउंसलिंग का जिम्मा प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंक्षिक) कार्यालय को सौंपा गया है। अभ्यर्थियों की पात्रता तथा दस्तावेजों की जांच का काम 17 जुलाई तक जारी रहेगा। बीकानेर में पात्रता एवं दस्तावेजों की जांच का कार्य राजकीय महारानी सीनियर सैकंडरी स्कूल में किया जा रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) कार्यालय के अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी महेश रंगा ने बताया कि पहले दिन बीकानेर में 150 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। इसमें से 141 अभ्यर्थियों के पात्रता एवं दस्तावेजों की जांच की गई है। जबकि 9 अभ्यर्थी गैर हाजिर रहे।
गुरुवार को दो सौ अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। इसमें सौ अभ्यर्थियों को सुबह की पारी में तथा इतने ही अभ्यर्थियों को शाम की पारी में बुलाया गया है। पहली पारी का समय 9 बजे से तथा दूसरी पारी दोपहर ढाई बजे से शुरू होगी। अगर किसी अभ्यर्थी के दस्तावेज की जांच बुधवार को नहीं हुई है, तो वह 17 जुलाई तक करवा सकता है। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी सुरेन्द्रसिंह भाटी, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी पदमा टिटलानी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। पात्रता तथा दस्तावेज की जांच के लिए पांच-पांच दलों का गठन किया गया है। जबकि एक-एक दल को रिजर्व में रखा गया है। विभाग की ओर से अभ्यर्थियों की सहायता के लिए निदेशालय एवं प्रत्येक जिले में कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा यदि किसी अभ्यर्थी द्वारा आवेदन करते समय गलत मोबाइल नंबर प्रविष्ट कर दिये गए हैं या उनका नंबर बदल गया है, तो वह बीकानेर में निदेशालय में उपस्थित होकर मोबाइल नम्बर परिवर्तित करा सकता है।
0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें