विद्यार्थियों को योग के प्रति जागरूक करने के लिए होगी योगा ओलंपियाड प्रतियोगिता
बीकानेर. विद्यार्थियों में शारीरिक स्वस्थता, मानसिक सतर्कता और भावनात्मक संतुलन के लिए योग के प्रति रुझान बढ़ाने के लिए अब स्कूल शिक्षा परिषद ने कदम बढ़ाया है। इसके लिए विद्यार्थियों के बीच योगा ओलंपियाड प्रतियोगिया आयोजित करने का निर्णय किया गया है। हालांकि अभी तक तिथि तय नहीं की गई है, लेकिन इसके लिए बजट के साथ ही गाइड लाइन भी जारी कर दी गई है। मानव संसाधन एवं विकास मंत्रालय द्वारा शिक्षा सत्र 2023-24 में योगा ओलंपियाड प्रतियोगिता के लिए 11.90 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इस प्रतियोगिता का आयोजन विद्यालय जिला राज्य स्तर पर किया जाएगा।
इन कक्षाओं के विद्यार्थियों की भागीदारी
राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के कक्षा 6 से 12 के विद्यार्थी योगा ओलम्पियाड में हिस्सा ले पाएंगे। साथ ही दो वर्गों में आयोजित की जाएगी। इसके लिए जूनियर वर्ग में कक्षा 6 से 8 तथा सीनियर वर्ग में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थी हिस्सा ले सकेंगे। तीन स्तरों पर होने वाली प्रतियोगिता में विद्यालय स्तर पर राजकीय अंग्रेजी माध्यम के स्कूल एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की प्रविष्टियां जमा की जाएगी। इसमें जूनियर तथा सीनियर वर्ग के दो-दो प्रतिभागी भाग लेंगे। जिला स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में केवल विद्यालय स्तर के विजेता प्रत्येक जिले की चयन सूची के आधार पर भाग लेंगे। जबकि अंतिम तथा तीसरा स्तर जिसमें जिला स्तर के प्रत्येक जिले की चयन सूची के आधार पर हिस्सा ले सकेंगे।
यह रहेगा उद्देश्य
यौगिक पद्धतियों के संबंध में जागरूकता उत्पन्न करना और बच्चों को प्रेरित करना। विभिन्न आसनों के लाभ और शारीरिक और मानसिक रोगों के उपचार में निवारक उपाय की समझ विकसित करना, स्वास्थ्य और कल्याण के लिए नियमित रूप से आसनों का अभ्यास करने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित करना एवं जीवन में योग को सदैव अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित करना है। साथ ही एकाग्रता एवं संतुलन के माध्यम से आध्यात्मिक पहलू को भी उजागर करना।

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें