
महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की नर्सरी में सभी सीटों पर दिया जाएगा प्रवेश
बीकानेर. नव स्थापित तथा रूपांतरित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (अंग्रजी माध्यम) एवं राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में प्रवेश के लिए दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। शिक्षा निदेशक कानाराम की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि महात्मा गांधी राजकीय विद्यालयों तथा राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जहां पर प्री-प्राइमरी कक्षाएं एवं बाल वाटिकाएं संचालित की जा रही हैं, उनमें नर्सरी में समस्त सीटों पर नया प्रवेश दिया जाएगा। जबकि एल.के.जी. से यूकेजी कक्षा तक गत वर्ष स्वीकृत सीटों पर ही प्रवेश दिया जा सकेगा। इसके अलावा जिन विद्यालयों में सत्र 2022-23 में कक्षा 10 संचालित थी और उनमें विज्ञान संकाय प्रारम्भ करने की स्वीकृति जारी की गई थी।
वहां कक्षा 11 में विज्ञान संकाय में प्रवेश दिया जाएगा। संबंधित विद्यालय से अंग्रेजी माध्यम में कक्षा 10 उत्तीर्ण विज्ञान संकाय में प्रवेश के इच्छुक सभी छात्रों को प्रवेश दिए जाने के पश्चात शेष सीटों पर के लिए लॉटरी प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। आदेश में कहा गया है कि कक्षा 1 से 5 में समस्त सीटों पर प्रवेश दिया जाना है। नवीन स्थापित एवं रूपान्तरित अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी यदि अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा नियमित नहीं रखना चाहते हों, तो उन्हें नजदीक के हिन्दी माध्यम के विद्यालय में प्रवेश दिलाया जाएगा। अंग्रेजी माध्यम के इच्छुक विद्यार्थी अपने अध्ययन को उसी विद्यालय में अंग्रेजी माध्यम में नियमित रख सकेंगे।
इन विद्यालयों में आरटीई के मानकों के अनुरूप सेक्शन निर्धारित किए गए हैं। कक्षा 1 से 5 तक 30 विद्यार्थी प्रति सैक्शन, कक्षा 6 से 8 में 35 विद्यार्थी प्रति सैक्शन कक्षा 9 से 12 में 60 विद्यार्थी प्रति सैक्शन होंगे। इन विद्यालयों में प्रवेश सैक्शन में निर्धारित संख्या के अनुसार ही दिया जा सकेगा। आदेश में कहा गया है कि निर्धारित संख्या से अधिक आवेदन प्राप्त होने की स्थिति में लॉटरी प्रक्रिया से प्रवेश दिया जाएगा।
0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें