छात्रवृत्तियों के लिए अब नहीं करना होगा आवेदन
बीकानेर. अब किसी भी तरह की छात्रवृति के लिए पात्र लोगों को आवेदन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इन्फोर्मेशन टेक्नोलोजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, तथा मशीन लर्निंग आधारित रियल टाइम ऑटो डिलिवरी सिस्टम स्वत: सिस्टम से लाभार्थियों को सेवाएं उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री की ओर से भी 23-24 के बजट में पात्र व्यक्तियों तथा परिवारों को बिना आवेदन किए ही घर बैठे ऑटो बेनिफिट, जनाधार डाटा बेस का उपयोग करते हुए लाभ देने की घोषणा की गई थी। उसी के तहत अब अन्य योजनाओं के साथ स्कूलों में मिलने वाली विभिन्न प्रकार की छात्रवृत्तियों के लिए भी अब पात्र विद्यार्थियों को आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी।
ऐसे प्रॉसेस होंगे आवेदन
विद्यार्थियों के प्रवेश के समय ही 13 बिंदुओं की औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी, जिसके बाद पात्र विद्यार्थियों के छात्रवृति के आवेदन स्वत: ही स्कॉलर पोर्टल पर प्रॉसेस हो जाएंगे। अगर इनमें कमी होगी, तो जिम्मेदारी छात्रवृत्ति प्रभारी, संस्था प्रधान की होगी। निर्धारित अवधि में पात्र लाभार्थी के आवेदन ऑनलाइन नहीं होंगे, तो स्वत: सिस्टम, ऐसे आवेदन 10 दिन बाद प्रॉसेस कर देगा। छात्रवृति से संबंधित कोई प्रविष्टि अपूर्ण रहती है, तो विद्यार्थी से सबंधित प्रमाणपत्र प्राप्त कर शालादर्पण पोर्टल के प्रपत्र 9 व लाभकारी योजनाओं के लिए अनिवार्य छात्रसूचना मॉड्यूल में 13 बिंदुओं को पूरा किया जाएगा।
ऐसे कार्य करेगा सिस्टम
पात्र विद्यार्थी शाला दर्पण पोर्टल के विद्यार्थी टैब में प्रदर्शित होंगे। यदि कोई विद्यार्थी अपात्र है, तो उसे कारण सहित अस्वीकार करना होगा अन्यथा विद्यार्थी का प्रस्ताव छात्रवृति भुगतान के लिए डीईओ लॉगिन में 10 दिन बाद अग्रेषित हो जाएगा। डीईओ स्तर पर डाटा जांचोपरांत अनुमोदित करते हुए भुगतान के लिए सेव किया जाएगा।
निजी स्कूलों के विद्यार्थियों का प्रॉसेस
मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के पात्र विद्यार्थियों के छात्रवृति प्रस्ताव प्राइवेट स्कूल पोर्टल पर इसी प्रक्रिया से प्रॉसेस होंगे। सूचना प्रपत्र 9 में अंकित 13 बिंदुओं के आधार पर स्वत: फेच होकर लॉगिन पर प्रदर्शित होगी।
13 बिंदु, जिन्हें प्रवेश के साथ ही पूरा करना होगा
आधार व जनाधार विवरण, पारिवारिक आय, करदाता, प्रतिशत के साथ अंतिम कक्षा उत्तीर्ण स्थिति, हॉस्टलर/ डे स्कॉलर, ईडब्ल्यूएस विवरण, बीपीएल/विशेष बीपीएल विवरण, सफाई व्यवसाय , सीडब्ल्यूएसएन विवरण, ओबीसी/ईसीबी विवरण, अनाथ स्थिति, भूतपूर्व सैनिक वर्ग तथा जनजाति वर्ग से सबंधित प्रमाणपत्र शामिल हैं। इस जानकारी को शाला दर्पण पोर्टल पर अपलोड करते ही जो छात्र जिस तरह की छात्रवृति के लिए पात्र होगा, उसका नाम संबंधित छात्रवृति के लिए विद्यार्थी टैब पर प्रदर्शित होने लगेगा।

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें