शिक्षकों की कमी को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
सादडी शिक्षकों की कमी से जूझते विद्यालयों पर तालाबंदी व बच्चों, ग्रामीणों का धरना प्रदर्शन थम नहीं रहा है। बुधवार को मादा ग्राम स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल पर बच्चों व ग्रामीणों ने धरना देकर प्रदर्शन किया। शिक्षिका का प्रतिनियुक्ति आदेश निरस्त नहीं करने पर तालाबंदी की चेतावनी दी। 10-11 रिक्त पद भरने की मांग की। देसूरी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सहित उच्चाधिकारियों को मांग से अवगत करवाया। जिन्होंने समाधान का भरोसा दिलाया।
मंगलेश्वर महादेव राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल मादा में 22 पद स्वीकृत हैं। वर्तमान में यहां 12 शिक्षक कार्यरत हैं। 200 से अधिक बच्चे कक्षा 1 से 12 तक अध्ययन कर रहे हैं। लम्बे समय से रिक्त 10-11 पद में 5 गैर शैक्षणिक पद, 1-1 बायलॉजी व हिंदी व्याख्याता पद, 1 संस्कृत शिक्षक, एल-1 के 2 पद रिक्त हैं। इन पर आज तक नियुक्ति नहीं हुई। इसके बावजूद शिक्षिका का बीकानेर शिक्षा विभाग निदेशक कार्यालय से जयपुर प्रतिनियुक्ति का आदेश का ग्रामीणों ने विरोध जताया। ग्रामीण भैरूसिंह, राजूसिंह, प्रेमसिंह, सरपंच पुष्पा सुथार, वक्तावरमल सुथार, अजीतसिंह, प्रतापसिंह, जसराज, बाबूसिंह, नारायणसिंह सहित प्रबुद्धजन को भनक लगी तो उन्होंने आक्रोश जताया। बच्चों को स्कूल में जाने से रोक प्रवेश द्वार बंद कर बच्चों व ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।
विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। घटना की जानकारी देसूरी उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सहित जिला शिक्षा पाली को दूरभाष जरिए दी गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि रिक्त पदों पर नियुक्ति करें, वरना जल्द ग्रामीण स्कूल पर तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन करेंगे। ग्रामीण राजूसिंह व भैरूसिंह ने बताया कि बच्चों का अध्ययन तो पहले से प्रभावित हो रहा है। कार्यरत शिक्षक में से नित्य 2-3 अवकाश पर रहते हैं। ऐसे में 12 कक्षाओं को संभालने वाले महज 8-9 अध्यापक रह जाते हैं। व्याख्याता नहीं होने से 11 व 12 की पढ़ाई बाधित होती है।

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें