परिषद‍ीय विद्यालयों की अवकाश तालिका वर्ष 2025 देखें व करें डाउनलोड

👇Primary Ka Master Latest Updates👇

बुधवार, 12 जुलाई 2023

जेडी कार्यालय की कार्यशैली पर नाराज शिक्षकों ने डीसी कार्यालय के बाहर बनाई मानव श्रृंखला

 


जेडी कार्यालय की कार्यशैली पर नाराज शिक्षकों ने डीसी कार्यालय के बाहर बनाई मानव श्रृंखला

उदयपुर, 11 जुलाई। उदयपुर संभाग के 6 जिलों के शिक्षकों ने विभिन्न समस्याओं का समाधान समय से नहीं किए जाने एवं संयुक्त निदेशक कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यशैली से तंग आकर संभागीय आयुक्त कार्यालय के बाहर मंगलवार सुबह 11 बजे से 4 बजे तक धरना दिया। राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय के बैनर तले हुए इस आंदोलन में डीसी कार्यालय के बाहर मानव श्रृंखला भी बनाई गई। प्रदेश उपाध्यक्ष उदयपुर मंडल डॉ ऋषिन चौबीसा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान धरना स्थल पर शिक्षक संघ राष्ट्रीय के प्रदेश अध्यक्ष रमेश पुष्करणा भी पहुंचे और सरकार एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर कई आरोप लगाते हुए शिक्षकों की विभिन्न मांगों को तुरंत समाधान करने की मांग की।समाधान नहीं होने पर और अधिक ताकत से प्रदर्शन करने का ऐलान किया। 


उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल खोलकर हिंदी मीडियम के स्कूलों को पीछे धकेला जा रहा है। जो बरसों से हिंदी मीडियम के स्कूल थे, उन्हीं स्कूलों को सिर्फ नाम बदलकर अंग्रेजी माध्यम का बना दिया गया है, जबकि पढ़ने वाले विद्यार्थी हिंदी मीडियम के ही हैं और पढ़ाने वाले शिक्षक भी हिंदी मीडियम से ही हैं। सिर्फ नाम बदलने से शिक्षा में गुणवत्ता नहीं आ सकती।धरने प्रदर्शन के बाद शिक्षक संघ के पदाधिकारी संभागीय आयुक्त के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपने के लिए राजी नहीं हुए और मानव श्रृंखला बनाकर अपना आक्रोश जताया। मामले की गंभीरता को देखते हुए संभागीय आयुक्त राजेंद्र भट्ट कार्यालय पहुंचे और प्रदेश, संभाग एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों के 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से लंबी वार्ता की। 


शिक्षक पदाधिकारियों ने शिक्षकों के स्थायीकरण, चयनित वेतनमान, उच्च माध्यमिक विद्यालयों में क्रमोन्नति के बावजूद लगे प्रारंभिक शिक्षा के शिक्षकों का अप्रैल से वेतन बकाया होने एवं तृतीय श्रेणी से द्वितीय श्रेणी में पदोन्नति अटकी होने जैसे गंभीर मुद्दे आयुक्त के सामने रखकर उनके निराकरण की मांग की। संभागीय आयुक्त ने इसे गंभीरता से लेते हुए 24 जुलाई को प्रातः 11.30 बजे उदयपुर संभाग के सभी जिलों के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, संयुक्त निदेशक उदयपुर तथा शिक्षा विभाग एवं जनजाति विभाग के कानूनी सलाहकार के साथ राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय के प्रतिनिधिमंडल की आमने सामने बैठक कराने का आश्वासन दिया।


जेडी कार्यालय की कार्यशैली पर नाराज शिक्षकों ने डीसी कार्यालय के बाहर बनाई मानव श्रृंखला Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP BASIC NEWS

0 Comments:

एक टिप्पणी भेजें