
शिक्षक संघ राष्ट्रीय की नोखा व पांचू उपशाखा की हुई बैठक, शिक्षा बचाओ पदयात्रा आज से
नोखा. शिक्षक संघ राष्ट्रीय के प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत प्रत्येक उपशाखा में शिक्षा बचाओ पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में उपशाखा नोखा व पांचू की शिक्षा बचाओ पदयात्रा शनिवार को अकेश्वर महादेव मंदिर तहसील परिसर नोखा से शहीद स्मारक बीकानेर रोड तक निकाली जाएगी। उपशाखा अध्यक्ष जगदीश मंडा व विक्रम थाकन ने बताया कि संगठन की ओर से 11 सूत्री मांगों को लेकर सरकार को कई बार ज्ञापन देने और विरोध प्रदर्शन करने के बावजूद सरकार ने अभी तक सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं दी है और ना ही संगठन पदाधिकारियों को वार्ता के लिए बुलाया है।& nbsp;
उपशाखा के मंत्री रामलाल सियाग व अलसीराम ने बताया कि संगठन की 11 सूत्री मांगों में सावंत कमेटी व खेमराज कमेटी की सिफारिशों को सार्वजनिक कर लागू करने, शिक्षकों के समस्त संवर्ग की वेतन विसंगतियों का निराकरण करने, शिक्षकों को बीएलओ सहित समस्त गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करने, समस्त राज्य कर्मचारियों को 8, 16 24, 32 वर्षों के सेवाकाल पर एसीपी का लाभ देकर पदोन्नति का वेतनमान देने, एनपीएस कर्मचारियों के लिए लागू की गई पुरानी पेंशन योजना की तकनीकी खामियों को दूर करते हुए एनपीएस खाते में जमा राशि कर्मचारियों के जीपीएफ खाते में स्थानांतरित करने तथा जीपीएफ 2004 के खाता नंबर तत्काल आवंटित करने, शिक्षा विभाग में ऑनलाइन कार्यों की निर्भरता को देखते हुए शिक्षकों एवं संस्था प्रधानों को मासिक इंटरनेट भत्ता व एंड्रॉयड फोन उपलब्ध कराने, सेवानिवृत्ति पर 300 उपार्जित अवकाश की सीमा को समाप्त करने व सेवानिवृत्ति के पश्चात 65-70 और 75 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर पेंशन में क्रमश: 5, 10 व 15 प्रतिशत की वेतन वृद्धि करने, अध्यापक संवर्ग के स्थानांतरण से रोक हटाने, राज्य शिक्षकों के लिए स्पष्ट स्थानांतरण नियम बनाने, विभिन्न संवर्ग के शिक्षकों की नियमित डीपीसी तत्काल करने, माध्यमिक शिक्षा में स्टाफिंग पैटर्न लागू कर अविलंब पद सृजित करने, माध्यमिक शिक्षा में अध्यापक वर्ग की सीधी भर्ती करने, प्रारंभिक से माध्यमिक शिक्षा में पदस्थापन को अनिवार्य के स्थान पर स्वैच्छिक करने की मांगें शामिल हैं।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष दानाराम भादू ने कहा कि सरकार ने मांगों शीघ्र कोई निर्णय नहीं लिया, तो संगठन द्वारा आंदोलन को तेज किया जाएगा। संगठन मंडल संयुक्त मंत्री ओमप्रकाश रोडा़, प्रदेश उपाध्यक्ष ओमप्रकाश बिश्नोई, जिलाध्यक्ष मोहनलाल भादू, जिला संगठन मंत्री लेखराम गोदारा, हरिराम सोनी, जिला महिला मंत्री सुनिता खीचड़, उपशाखा महिला मंत्री छैना केवटिया, ऊमा सुथार आदि ने अधिकाधिक संख्या में पदयात्रा में शामिल होकर उसे सफल बनाने का आह्वान किया।
0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें