अध्यापकों की लेट-लतीफी पर विद्यालय पहुंचे ग्रामीण, लगवाई गैरहाजिरी
खमनोर. बड़ा भाणुजा में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में अध्यापकों की लेट-लतीफी की शिकायत लेकर ग्रामीण शनिवार को स्कूल पहुंचे। स्टाफ के 5 अध्यापक विद्यालय समय में अनुपस्थित मिले, जिनकी ग्रामीणें ने प्रधानाचार्य से कहकर गैरहाजिरी लगवाई। गांव के रवींद्र पुरोहित, चिराग पुरोहित, सूरज जोशी, विठ्ठल पालीवाल, हेमंत, रमेश सहित अन्य ग्रामीण प्रात: 8 बजे स्कूल पहुंचे। स्कूल में पता किया तो प्रधानाचार्य मौजूद थे, जबकि स्टाफ के 5 अध्यापक अनुपस्थित थे। ग्रामीणों ने बताया कि 2 अध्यापक विद्यालय समय से एक घंटा देरी से साढ़े आठ बजे स्कूल पहुंचे, जबकि 3 अध्यापक नौ बजे तक भी नहीं पहुंचे।
ग्रामीणों ने प्रधानाचार्य से गैरहाजिरी लगाने का आग्रह किया। ग्रामीणों के कहने पर प्रधानाचार्य ने पांचों अध्यापकों की आधे दिन की अनुपस्थिति लगाई। ग्रामीणों का आरोप है कि अध्यापकों के स्कूल आने का यही सिलसिला चला आ रहा है। हर रोज अध्यापक विद्यालय समय से एक-डेढ़ घंटा तक देरी से पहुंचते हैं। यही नहीं, छुट्टी होने से भी एक से डेढ़ घंटा पहले घर चले जाते हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ अध्यापकों ने स्थानीय होने की वजह से इस प्रकार की प्रवृत्ति अपना रखी है।
ग्रामीण विद्यालय में स्टाफ की कमी सहित कई शिकायतें लेकर आए थे। कुछ अध्यापकों के समय पर नहीं आने पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई, जिस पर 5 अध्यापकों की आधे दिन की गैरहाजिरी लगाई गई।-दिनेश कुमार, प्रधानाचार्य, राउमावि,बड़ा भाणुजा

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें