बाड़मेर से साढू की रिटायरमेंट पार्टी में आया शिक्षक नहर में कूदा, मौत
बीकानेर. बाड़मेर के बालोतरा में सरकारी स्कूल के शिक्षक ने छतरगढ़ थाना क्षेत्र में नहर में कूदकर जान दे दी। दो दिन बाद पुलिस ने नहर से शव बरामद किया। पुलिस ने मृतक के बेटे अभिषेक कुमार की रिपोर्ट पर दो महिलाओं और दो पुरुषों पर उसके पिता को ब्लैकमेल कर रुपए ऐंठने एवं परेशान करने का आरोप लगाया है। मृतक के सामान से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है।
छतरगढ़ एसएचओ हंसराज लूणा ने बताया कि बाड़मेर के बालोतरा में बांकियावास खुर्द कल्याणपुर के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में हीरालाल मेघवाल शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। वे घड़साना के रहने वाले थे। उनके बेटे अभिषक ने बताया कि पिता हीरालाल 31 जुलाई को मौसा की रिटायरमेंट पार्टी में घड़साना आए थे। वे दो अगस्त की सुबह 11 बजे घर से निकल गए। अपने मामा बीरूराम को फोन कर कहा कि छतरगढ़ नहर पर बैठा हूं, गाड़ी खराब हो गई है। बीरूराम ने वापस फोन किया, तो उन्होंने उठाया नहीं। परिवादी ने बताया कि दोपहर में उनसे संपर्क हुआ, तो बोले मैं जा रहा हूं। इसके बाद पीड़ित अपनी माता के साथ बाइक पर छतरगढ़ 585 आरडी नहर पहुंचे। नहर किनारे बैग और मोबाइल मिला। पिता का कोई पता नहीं चला। तब छतरगढ़ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
डायरी मिली, जिसमें था सुसाइड नोट
परिवादी ने बताया कि तलाशी के दौरान नहर पटड़े पर उसके पिता की हस्तलिखित एक डायरी मिली, जिसमें सुसाइड नोट था। उसने बताया कि उसके पिता को एक महिला और उसका पति, उसकी बहन व जीजा षड्यंत्र रचकर परेशान कर रहे थे।परिवादी के मुताबिक, उन्होंने कोई झूठा अश्लील वीडियो बना लिया था और दस लाख रुपए की डिमांड कर रहे थे। इससे वह परेशान थे। आरोपियों से तंग आकर उन्होंने नहर में कूद कर जान दे दी।

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें