शिक्षक संगठन आंदोलित, विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन
बीकानेर . तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण सहित विभिन्न मांगों को लेकर राजस्थान शिक्षक संघ (शेखावत) की बीकानेर जिला इकाई ने शुक्रवार को जिला कलक्ट्रेट पर धरना दिया। बाद में जिला कलक्टर को ज्ञापन भी दिया गया। इस मौके पर हुई सभा को संबोधित करते हुए संगठन के जिलाध्यक्ष आदूराम मेघवाल ने सरकार से शिक्षकों के तबादले करने तथा नगर मंत्री देवेंद्र जाखड़ ने पिछले तीन वर्षों से बकाया समस्त शिक्षक संवर्ग की पदोन्नति करने की मांग की। प्रदेश मंत्री श्रवण पुरोहित ने शिक्षकों को बीएलओ सहित समस्त गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करने की मांग की।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रेवंतराम गोदारा, पूगल ब्लॉक मंत्री सज्जाद अली, कोलायत उपशाखा अध्यक्ष महेंद्र पंवार, शिक्षक नेता भंवर पोटलिया तथा शिक्षक नेता राजेश तरड़ भी अपनी बात रखी। संतलाल पुनिया, पृथ्वीराज लेघा,अविनाश व्यास, किशोर पुरोहित, सीमा जैन ने भी धरने को सम्बोधित किया। जिला प्रवक्ता अरुण गोदारा ने कहा कि यदि शिक्षकों की मांगें नहीं मानी गई, तो संगठन 7 से 11 अगस्त तक शिक्षा संकुल जयपुर में धरना और अनशन शुरू करेगा।
बीकानेर. शिक्षा बचाओ सम्पर्क कार्यक्रम के अन्तर्गत राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय की ओर से शुक्रवार को जिला कलक्टर कार्यालय के समक्ष सद्बुद्धि यज्ञ किया गया। इसमें शिक्षकों ने आहुतियां देकर अपनी मांगों का निराकरण करने की कामना की। संघ के प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री रवि आचार्य व प्रदेश उपाध्यक्ष ओमप्रकाश विश्नोई इस दौरान मौजूद रहे। संगठन के जिलामंत्री नरेन्द्र आचार्य ने बताया कि तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानान्तरण करने सहित कई मांगों को लेकर संघर्ष किया जा रहा है। ओमप्रकाश विश्नोई ने बताया कि जिला कलक्टर कार्यालय से गांधी पार्क तक शिक्षा बचाओ पदयात्रा निकाली गई। जिलाध्यक्ष मोहनलाल भादू ने कहा कि सरकार ने शिक्षकों से संवाद कर समस्याओं का निस्तारण नहीं किया, तो जयपुर में 16 से 25 अगस्त तक क्रमिक धरना देकर ध्यानाकर्षण किया जाएगा।

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें