सरकारी स्कूलों में ऑनलाइन क्लास शुरू 10वीं और 12वीं कक्षा के स्टूडेंट्स को मिलेगा लाभ, विषयवार शेड्यूल किया जारी
अब प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत 10वीं व 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन लाइव कक्षा का संचालन शुरू हो गया है। जिसका बहरोड़, नीमराना सहित कोटपूतली-बहरोड़ जिले के विद्यार्थियों को बड़ा लाभ मिलेगा। इसमें दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों को गणित, विज्ञान और सामाजिक अध्ययन तथा 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को गणित, जीव विज्ञान, इतिहास व राजनीतिक विज्ञान के महत्वपूर्ण विषय पढ़ाए जाएंगे।
ई-कक्षा यू-ट्यूब चैनल पर नियमित समय पर लाइव की जाएगी। इन कक्षाओं की रिकॉर्डिंग यू-ट्यूब चैनल पर ई-कक्षा पर उपलब्ध रहेगी। यू ट्यूब के ई कक्षा चैनल पर पर कक्षा 10वीं की अंग्रेजी विषय की क्लास शाम 4 से 4.45 बजे तक होगी। विज्ञान विषय की क्लास शाम 5 से 5.45 बजे तक, सामाजिक विज्ञान विषय की क्लास शाम 6 से 6.45 बजे तक तथा गणित विषय की क्लास शाम 7 से 7.45 बजे तक चलेगी। हर क्लास के बाद 15 मिनट का ब्रेक रहेगा। इसमें टीचर एक्सचेंज होंगे।
12वीं कक्षा के लिए ये रहेगा विषयवार शेड्यूल
यू ट्यूब के ई कक्षा चैनल पर कक्षा 12वीं कला संकाय में भूगोल विषय की क्लास शाम 4 से 4.45 बजे, अंग्रेजी विषय की क्लास शाम 5 से 5.45 बजे तक, राजनीति विज्ञान विषय की क्लास चलेगी। शाम 6 से 6.45 बजे तक तथा इतिहास विषय की क्लास शाम 7 से 7.45 बजे तक चलेगी। वही विज्ञान संकाय में जीव विज्ञान की क्लास शाम 4 से 4.45 बजे, अंग्रेजी शाम 5 से 5.45 बजे तथा गणित विषय की क्लास शाम 6 से 6.45 बजे तक चलेगी। इससे विषय का रिवीजन होगा और बोर्ड की परीक्षाओं का परिणाम भी अच्छा मिलेगा।
स्टूडेंट्स को इन क्लासेज का लिंक यू ट्यूब चैनल ई-कक्षा पर मिलेगा। यू ट्यूब पर ई कक्षा टाइप करना होगा और एंटर करने पर ई कक्षा चैनल दिखाई देगा जिसको सब्सक्राइब कर बैल आइकॉन पर प्रेस करना होगा ताकि जब भी क्लास शुरू हो तो, नोटिफिकेशन मिल सके। किसी कारणवश लाइव कक्षा के समय पर नहीं जुड़ पाते हैं तो इन लाइव कक्षाओं की रिकॉर्डिंग देखकर सुन सकते हैं। लाइव कक्षा की अध्ययन सामग्री एवं प्रश्नोत्तरी की पीडीएफ मिशन ज्ञान एप से डाउनलोड की जा सकेगी।

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें