परिषद‍ीय विद्यालयों की अवकाश तालिका वर्ष 2025 देखें व करें डाउनलोड

👇Primary Ka Master Latest Updates👇

गुरुवार, 7 सितंबर 2023

6 घंटे धरना, 10 लाख का मुआवजा, प्रधानाचार्य सहित दो निलम्बित किए

 


6 घंटे धरना, 10 लाख का मुआवजा, प्रधानाचार्य सहित दो निलम्बित किए

उदयपुर. जन्माष्टमी पर मटकी फोड़ का उल्लास व उमंग पलभर में चीत्कार में बदल गए। दो बच्चियों की मौत के मामले में प्रथम दृष्टया स्कूल प्रबंधन की घोर लापरवाही सामने आई। पिलर कमजोर होने के बावजूद उस पर रस्सी बांधी गई। पिरामिड के दौरान रस्सी को खींचते ही पिलर नीचे आ गिरा। इस हृदय विदारक हादसे के बाद शिक्षा विभाग ने विद्यालय की प्रधानाचार्य रेखा डामोर व प्रथम इंजार्ज तरुणा निनामा निलंबित कर दिया तथा मामले में जांच शुरू की है। इधर, घटना के बाद शाम 4 बजे से एमबी चिकित्सालय के मुर्दाघर के बाहर धरने पर बैठे परिजन व ग्रामीण मुआवजे व सरकारी नौकरी के आश्वासन पर देर रात 10.30 बजे धरने से उठे। पुलिस गुरुवार को मृत छात्राओं का पोस्टमार्टम करवाएगी। शहरो के निकट जोगीतालाब स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार दोपहर को मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान पिलर गिरने से नारायणी (13) पुत्री भगवानलाल गमेती व राधा (15) पुत्री मोहनलाल गमेती की मौत हो गई तथा हुकमीचंद की पुत्रियां वंदना व बसंती तथा केसर पुत्री शंकर गमेती घायल हो गई। तीनों का अभी उपचार चल रहा है। उधर, गोवर्धनविलास थानाधिकारी अजयसिंह राव ने बताया कि स्कूल प्रबंधन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या में मामला दर्ज किया है।


मुर्दाघर के बाहर धरना

नारायणी व राधा का शव एमबी अस्पताल पहुंचने के बाद परिजन व ग्रामीण मुआवजे व सरकारी नौकरी की मांग को लेकर अड़ गए और वे देर रात तक मुर्दाघर के बाहर धरने पर बैठे रहे। उनके साथ ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, कांग्रेसी नेता विवेक कटारा के अलावा भाजपा कांग्रेस के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता बैठे रहे। देर रात प्रशासन ने समझाइश कर 5-5 लाख रुपए मुख्यमंत्री सहायता कोष के अलावा 4-4 लाख रुपए प्रशासन की ओर से तथा 1-1 लाख रुपए स्कूल दुर्घटना बीमा से देने का आश्वासन दिया। साथ ही 51-51 हजार रुपए विधायक फूलसिंह मीणा व विवेक कटारा ने देने की हां भरी। इनके साथ ही प्रशासन की ओर से सरकारी नौकरी के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया गया।


पुलिसकर्मी पर भडक़े भाजपाई : निजी अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर वृत्ताधिकारी रजत से भाजपा कार्यकर्ता बातचीत कर रहे थे। इस दौरान एक पुलिसकर्मी पहुंचा और बात कर रहे एक प्रतिनिधि का हाथ पकडकऱ वहां से हटने को कहा। इस पर अन्य प्रतिनिधि नाराज हो गए। ऐसे में कुछ देर के लिए माहौल गर्मा गया।


रस्सी से ही गिर गया भारी भरकम सीमेंट पिलर

छात्राओं ने बताया कि स्कूल में आधी छुट्टी के बाद जन्माष्टमी का पर्व कार्यक्रम रखा था। इसके लिए प्रागंण में रस्सी से मटकी को बांधा गया। रस्सी का एक हिस्सा पानी की टंकी पर तथा दूसरा झंडारोहण के लिए छत पर बने सीमेंटेड पिलर पर बंधा था। सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद दोपहर करीब 12.15 बजे मटकी फोड कार्यक्रम शुरू हुआ। इस दौरान स्कूली छात्राएं बरामदे तथा उसके आगे खुले पोर्च में बैठकर कार्यक्रम देख रही थी। छात्र पीरामिड बनाकर ऊपर चढ़े, एक छात्र रस्सी तक पहुंचा, तभी झंडारोहण वाला पिलर टूटकर नीचे गिर गया।


निर्माण में रही लापरवाही

स्कूल में ठेकेदार ने झंडा रोहण के लिए पिलर को बिना सरिए के खड़ा कर दिया। इसके बीच में लोहे का भारी भरकम पाइप डाल दिया। बिना सरिए के लगा यह पिलर महज एक रस्सी के खींचने के साथ ही नीचे गिर गया।


पूरा गांव दौड़ा, राहगीरों ने नहीं रोके वाहन

स्कूल में हादसे के बाद एक पल किसी को भी समझ नहीं आया कि यह क्या हो गया? भारी भरकम सीमेंटेड पिलर जब बच्चियों के ऊपर गिरा तो वहां मौजूद बच्चे व स्टाफ सकते में आ गए। स्टाफ खून से लथपथ घायल बच्चियां को उठाने में लगा रहा तो बच्चे रास्ते में जाते वाहनों को रोकने में। किसी के वाहन नहीं रोकने पर स्कूल स्टाफ कार से तीन बच्चियों को अस्पताल ले गया, दो को दुपहिया वाहनों से अस्पताल पहुंचाया। कुछ ही देर में जोगीतालाब व आसपास के ग्रामीण स्कूल में पहुंच गए। महिलाओं ने अपने बच्चों को सकुशल देख गले लगाया तो मृत व घायल बच्चियों की सूचना सुन उनके परिजन बिलख पडे।


घटना बहुत दुखद है, इसकी पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सभी विद्यालयों को पाबंद किया गया है कि वे बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए कार्य करे। इस सम्पूर्ण कार्य के लिए मामले में जांच शुरू की गई है। प्रथम दृष्टया जिनकी लापरवाही सामने आई, उन्हें मुख्यालय के आदेश के बाद निलंबित कर दिया गया है।-आशा मांडावत, जिला शिक्षाधिकारी, माध्यमिक


सीडब्ल्यूसी ने मांगी तथ्यात्मक रिपोर्ट

घटना के बाद राजस्थान बाल आयोग के सदस्य राजीव मेघवाल, बाल अधिकारिता विभाग की सहायक निदेशक मीना शर्मा, सीडब्ल्यूसी सदस्य यशोदा पंडिया, संगीता राव, अंकुर टांक, बाल अधिकारिता विभाग के संरक्षण अधिकारी राजकुमार जीनगर विद्यालय, हॉस्पिटल व गांव पहुंचे। उन्होंने मृतक व घायल के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने सम्पूर्ण प्रकरण की जिला शिक्षाधिकारी से तत्थात्मक रिपोर्ट मांगी।

6 घंटे धरना, 10 लाख का मुआवजा, प्रधानाचार्य सहित दो निलम्बित किए Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP BASIC NEWS

0 Comments:

एक टिप्पणी भेजें