शिक्षक पर छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप:सहमी छात्रा डेढ़ माह से स्कूल नहीं आई, शिक्षा विभाग कर रहा जांच
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डिगाड़ी में 10वीं की छात्रा के साथ हिंदी पढ़ाने वाले व्याख्याता ने छेड़छाड़ की। मामला इतना गंभीर हुआ कि छात्रा 19 जनवरी के बाद से स्कूल ही नहीं आई। छात्रा से शिक्षा विभाग की टीम मिलने घर पहुंची तो उसकी तबीयत खराब मिली।उसके पिता ने फिलहाल कुछ भी बोलने से मना कर दिया। स्कूल में पिता की लिखित शिकायत के बाद प्रिंसिपल श्रवण नरवाल ने शहर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में इसकी सूचना दी। इस पर कमेटी गठित की गई।
छात्रा के पिता ने प्रिंसिपल को पत्र देकर स्कूल व्याख्याता राजाराम विश्नोई पर आरोप लगाया कि उनकी पुत्री के साथ छेड़छाड़ हुई है। भास्कर टीम मामले की पड़ताल करने स्कूल पहुंची। एकबारगी स्कूल प्रशासन ने बातचीत करने में आनाकानी की, बाद में प्रिंसिपल ने बयान दिया।वहीं छात्रा के घर भास्कर टीम पहुंची तो उसके पिता ने कहा कि उनकी बेटी की अभी तबीयत खराब है। वे कुछ भी बताने की कंडीशन में नहीं हैं। टीम के पूछे जाने के बाद उन्होंने यह जरूर स्वीकारा कि छेड़खानी हुई है, लेकिन आगे कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। शाम को पिता ने फोन पर कहा कि वे कल बताएंगे, उनकी पुत्री डिप्रेशन में है।
शिक्षा विभाग के जांच दल को पिता ने भी कुछ नहीं बताया
शिक्षा विभाग ने एसीबीईईओ द्वितीय मिथिला चारण के नेतृत्व में राउमावि पावटा प्रिंसिपल प्रकाश भाटी व राउमावि एसएनटी पूंजला प्रिंसिपल रेणु व्यास को जांच सौंपी है। टीम के वहां पहुंचने पर छात्रा की तबीयत खराब मिली, इस कारण टीम उसके बयान नहीं ले सकी। पिता ने भी फिलहाल कुछ नहीं बताया, लेकिन छात्रा के पिता व स्कूल प्रिंसिपल की शिकायत में छेड़छाड़ का जिक्र है। यह बात अधिकारी स्वीकार कर रहे हैं।
लेक्चरर बोले- 26 साल का था तब पत्नी मरी, अब गलत क्यों करूंगा?
राउमावि डिगाड़ी के व्याख्याता राजाराम विश्नोई ने कहा कि छात्रा 19 जनवरी से स्कूल नहीं आई। मैं बीच में अवकाश पर था। बाद मेें प्री बोर्ड शुरू हुए। लड़की कम बोलती है। इसका ऑपरेशन भी हुआ है। छात्रा बच्चियों को लिखकर देती थी कि उसकी छाती दुखती है। पिता तार से मारते हैं। गलत बात के लिए किसी ने तैयार किया है। मेरी उम्र 26 साल थी, तब पत्नी की मौत हो गई। चाहता तो दूसरी शादी कर लेता, लेकिन अब मैं क्यों गलत करूंगा। ऐसा कुछ नहीं हुआ है।
बच्ची के पिता के अनुसार 16 जनवरी से पहले की घटना है, लेकिन स्कूल को उन्होंने सूचना गुरुवार को दी थी। इसकी सूचना हमने सीबीईओ कार्यालय भेजी है। जैसे ही शिकायत मिली, हमने त्वरित एक्शन लिया।- श्रवण नरवाल, प्रिंसिपल, राउमावि डिगाड़ी
हमने स्कूल प्रिंसिपल की शिकायत पर टीम गठित की है। व्याख्याता पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल छात्रा के बयान नहीं हुए हैं।- सज्जाद हुसैन खान, सीबीईओ सिटी, जोधपुर

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें