RPSC : वरिष्ठ शारीरिक शिक्षकों के 461 पदों पर होगी भर्ती
उदयपुर राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की ओर से माध्यमिक शिक्षा विभाग में वरिष्ठ शारीरिक शिक्षा अध्यापकों के 461 पदों पर भर्ती की जाएगी भर्ती परीक्षा में दो पेपर का आयोजन किया जाएगा। पहला पेपर 200 व दूसरा पेपर 260 नंबरों का होगा। इससे पहले माध्यमिक शिक्षा विभाग में लेक्चरर के छह हजार पदों के लिए भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जा चुका है। इस भर्ती में भी कुछ पद खेल कोच व फिजिकल एजुकेशन के थे। इस पेपर की तर्ज पर ही आने वाली इस परीक्षा में अंकों का विभाजन किया गया है। कुल अंक 500 होंगे।
इसमें 40 अंक विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए रखे गए हैं। पहले पेपर में कुल 100 और दूसरे पेपर में 130 सवाल पूछे जाएंगे। दोनों ही पेपर दो-दो घंटे के होंगे। भर्ती परीक्षा का सिलेबस भी जारी कर दिया गया है। पहले पेपर में भौगोलिक, एतिहासिक, सांस्कृतिक व राजस्थान से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। दूसरे पेपर में 10वीं व 12वीं कक्षा की शारीरिक शिक्षा का सामान्य ज्ञान, फिजिकल एजुकेशन, शिक्षा और खेल साइकोलॉजी, योगा सहित अन्य टॉपिक्स से सवाल पूछे जाएंगे।

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें