पिछले बरस सुस्ती, चुनावी साल में दिखाएंगे चुस्ती, साइकिलें नहीं दे सकते हैं वाउचर
हनुमानगढ़. चुनावी साल में सरकार और सरकारी तंत्र कामकाज का निपटारा करने में बड़ी चुस्ती दिखाते हैं। संभव है कि इस साल भी वही फुर्ती दिखाई जाए। क्योंकि नि:शुल्क साइकिल वितरण योजना के तहत पिछले दस बरस में केवल दो बार ही जुलाई में साइकिलों का वितरण हो सका है, वह दोनों मौके ही विधानसभा चुनाव के थे। मतलब शिक्षा सत्र की शुरुआत में ही बालिकाओं का साइकिलें दे दी गई। इसके अलावा ऐसा कभी नहीं हुआ।
कभी भी बेटियों को जिले से लेकर पूरे प्रदेश में जुलाई व अगस्त में साइकिलें नहीं मिल सकी हैं। कभी तीन तो कभी छह से आठ महीने देरी से साइकिलों का वितरण होता रहा है। अभी शिक्षा सत्र 2022-23 समाप्ति की ओर है। लेकिन चालू सत्र में पात्र छात्राओं को साइकिलें नहीं मिल सकी हैं। पूरा शिक्षा सत्र ही बिना साइकिल के निकाल दिया, यह स्थिति योजना के उद्देश्य के एकदम उलट है। ऐसे में दो शिक्षा सत्र की साइकिलों या राशि का वितरण एक साथ किया जा सकता है ताकि चुनावी साल में आचार संहिता के पेच से पहले ही काम निपटा लिया जाए।
जब बढ़ाई गति, एक नजर
शिक्षा सत्र 2012-13 में जुलाई में ही साइकिल वितरण कार्यक्रम निपट गया। हालांकि छात्राओं को साइकिलें देने की बजाय जुलाई 2013 में सीधे चेक बांटे गए थे। इसके बाद 2018 में ही ऐसा हुआ जब एक बार फिर जुलाई में साइकिलें बांटी गई। इसके अलावा कभी भी ऐसा नहीं हुआ। लेटलतीफी के चलते ऐसी स्थिति ही बनती रही है कि जब नौवीं की छात्राओं को दसवीं में पहुंचने के वक्त साइकिलें मिली हैं।
यह व्यवस्था संभव
जानकारों की माने तो अब चुनावी साल के दृष्टिगत चालू शिक्षा सत्र और आगामी नए शिक्षा सत्र की साइकिलों का वितरण एक साथ किया जा सकता है। साइकिलों की बजाय पात्र बालिकाओं को सीधे वाउचर ही दिए जा सकते हैं ताकि अभिभावक उस राशि से अपने स्तर पर ही साइकिल खरीद ले। क्योंकि साइकिलों की डिमांड भेजने, उनकी सप्लाई आने और फिर जिला स्तर पर साइकिलें असेम्बल कर विद्यालय वार उनका वितरण करने में कई सप्ताह लग जाते हैं। ऐसे में शिक्षा सत्र 2023-24 की साइकिलों का वितरण सत्र की शुरुआत में हो जाएगा।
अभी नहीं किया गया वितरण
अभी साइकिलों का वितरण नहीं किया जा सका है। साइकिलों की आपूर्ति भी अभी नहीं मिली है। इस संबंध में मुख्यालय के दिशा-निर्देश की प्रतीक्षा है।-हंसराज जाजेवाल, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक मुख्यालय, हनुमानगढ़।
फैक्ट फाइल : साइकिल वितरण
शिक्षा सत्र कब मिली
2013-14 जुलाई 2013
2014-15 मार्च 2015
2015-16 नवम्बर 2015
2016-17 मार्च 2016
2017-18 अक्टूबर 2017
2018-19 जुलाई 2018
2019-20 अक्टूबर 2019
2022-23 सत्र ही बीता
(नोट: सत्र 2020-21 एवं 2021-22 को कोरोना संक्रमण काल के चलते सूची में शामिल नहीं किया।)

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें