शिक्षकों की 6डी रोकने से मिले संकेत स्कूल खुलने से पहले थर्ड ग्रेड शिक्षकों के तबादले करने पर चल रहा मंथन
बीकानेर. तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों को लेकर गाइड लाइन जारी नहीं की गई है, लेकिन सरकार के स्तर पर तबादलों को लेकर मंथन चल रहा है। शिक्षकों की 6डी रोकने से इसके संकेत मिले है कि सरकार की मंशा शीघ्र ही तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण करने की है। सूत्रों के मुताबिक ग्रीष्मावकाश के बाद स्कूल खुलने से पहले शिक्षकों के तबादले करने है। ऐसे में इसी महीने कभी भी तबादलों की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। यहां तक कि 21 बिन्दूओं की तबादला गाइडलाइन को भी अंतिम रूप दिया जा चुका है। तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण अंतिम बार 2018 में तत्कालीन भाजपा सरकार के समय किए गए थे। कांग्रेस की सरकार बनने के बाद करीब दो साल पहले तत्कालीन शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा ने तबादलों के लिए ऑनलाइन आवेदन भी मांगे, लेकिन फिर इसे टाल दिया गया। बीडी कल्ला के शिक्षा मंत्री बनने के बाद फिर यह कवायद आगे बढ़ी और छह महीने पहले तबादलों के लिए केबिनेट ने विचार किया लेकिन, एकमत नहीं होने से यह सिरे नहीं चढ़ सके।
इन बिन्दुओं पर स्थानांतरण की उम्मीद
- तबादलों के लिए तैयार की गाइड लाइन में दिव्यांग, गंभीर बीमार, विधवा, परित्यक्ता, एकल महिला, भूतपूर्व सैनिकों की पत्नी आदि को प्राथमिकता देने का प्रावधान शामिल है।
- पंचायती राज तथा प्रारंभिक शिक्षा और माध्यमिक शिक्षा में शिक्षकों के जिला बदल और जिले में तबादलों के लिए सक्षम अधिकारी निर्धारित किए जा रहे हैं।
- अंतर जिला तबादलों के लिए 5 वर्ष जिले में ठहराव और टीएसपी तथा नॉन टीएसपी में तबादले अपने क्षेत्र में ही करने का प्रावधान रखा गया है।
- महात्मा गांधी अंग्रेजी और हिंदी माध्यम स्कूलों से तबादलों को नियंत्रित करने का प्रावधान किया जा रहा है।
मई बीता अब जून में संभावना
शिक्षकों को ग्रीष्मावकाश के दौरान तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण की उम्मीद है। तबादलों के इंतजार में पूरा मई बीत गया। अब शिक्षा निदेशालय ने 21 बिन्दुओं को शामिल कर गाइड लाइन सरकार को भेजने के साथ ही अब फिर तबादलों की चर्चा शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि 15 जून के बाद कभी भी तबादले खोले जा सकते हैं।

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें