RBSE: दसवीं-बारहवीं की मार्कशीट तैयार, इस सप्ताह पहुंच जाएगी बोर्ड
अजमेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने सैकण्डरी एवं सीनियर सैकण्डरी तथा समकक्ष परीक्षाओं की मार्कशीट मय प्रमाण-पत्र तैयार करवा ली हैं। संबंधित फर्म से इस सप्ताह तक बोर्ड को मार्कशीट पहुंचा दी जाएंगी। इसके बाद अगले सप्ताह से बोर्ड द्वारा विद्यार्थी सेवा केन्द्र के माध्यम से संबंधित जिलेवार स्कूलों और परीक्षा केन्द्रों को वितरण कर दिया जाएगा। यहां से परीक्षार्थी मार्कशीट प्राप्त कर सकेंगे ।
बोर्ड की सैकण्डरी एवं सीनियर सैकण्डरी की परीक्षा में इस वर्ष 21- लाख 10 हजार 569 परीक्षार्थियों को पंजीकृत किया गया था। इनमें से करीब 21 लाख परीक्षा में सम्मिलित हुए थे। राज्यभर में 6 हजार 98 केन्द्र बनाकर परीक्षा ली गई थी। बोर्ड ने अपना पहला परिणाम 18 मई सीनियर सैकण्डरी के साइंस और कॉमर्स वर्ग का घोषित किया था। इसके बाद कला एवं अन्तिम परिणाम 2 जून को सैकण्डरी का जारी किया गया।
रूट तैयार कर भेजी जाएंगी मार्कशीट
बोर्ड को मार्कशीट मिलने के बाद यहां से प्रदेश के लिए विद्यार्थी सेवा केन्द्रों तक मार्कशीट मय प्रमाण-पत्र पहुंचाने के लिए वाहनों का रूट मैप तैयार कर बोर्ड कार्मिकों की ड्यूटी लगाकर भेजा जाएगा। ये वाहन रूटवाइज केन्द्रों पर मार्कशीट के बण्डल उतारेंगे। सीनियर सैकण्डरी से अकेडमिक एवं तकनीकी सहित विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश लेने के दौरान अभ्यर्थियों को इंटरनेट की प्रोविजनल मार्कशीट से प्रवेश तो मिल जाएगा, लेकिन संबंधित यूनिवर्सिटी में एनरोलमेंट के लिए मूल मार्कशीट जमा की जाती है, जो एनरोलमेंट के बाद पुनः अभ्यर्थियों को लौटा दी जाती है।

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें