टीएसपी में 2900 नए पदों पर भर्ती से नॉन टीएसपी के शिक्षकों की घर वापसी जल्द ,संयुक्त शासन सचिव ने निदेशक को लिखा पत्र, रिपोर्ट मांगी
बांसवाड़ा । मुख्यमंत्री कार्यालय में टीएसपी के मुद्दों को लेकर हुई उच्च स्तरीय बैठक के बाद अब टीएसपी में कार्यरत नॉन टीएसपी के शिक्षकों की घर वापसी की उम्मीद बढ़ गई है। इस हाई लेवल मीटिंग के बाद विभाग भी एक्शन मोड में आ चुका है। राजस्थान सरकार के शिक्षा विभाग ग्रुप-2 के संयुक्त शासन सचिव प्रवीण कुमार लेखरा ने इस मामले में निदेशक माध्यमिक शिक्षा को पत्र लिखकर इस पूरे प्रकरण में अब तक की गई विभागीय कार्रवाई को लेकर रिपोर्ट मांगी है। यही रिपोर्ट बाद में मुख्यमंत्री तक भेजी जाएगी और सरकार स्तर पर निर्णय लिया जाएगा। लेखरा ने आदेश में लिखा कि नॉन टीएसपी के 2900 शिक्षकों को उनके गृह क्षेत्र में समायोजन या ट्रांसफर को लेकर विभिन्न स्तरों से पत्र प्राप्त हुए हैं।
जिसमें लिखे तथ्यों पर विभाग ने क्या कार्रवाई की है। गौरतलब है कि इस मामले में मंगलवार को ही टीएसपी के मंत्री विधायकों और जनप्रतिनिधियों के साथ सरकार के अधिकारियों की बैठक हुई थी। जिसमें मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया, राज्यमंत्री अर्जुनसिंह बामनिया, विधायक नगराज मीणा, प्रतापगढ़ विधायक रामलाल मीणा, डूंगरपुर विधायक गणेश घोघरा व एआईसीसी मेंबर व कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश खोड़निया ने मुख्यमंत्री के प्रमुख शासन सचिव कुलदीप रांका, प्रमुख शिक्षा सचिव नवीन जैन, सचिव आरती डोगरा, उप सचिव हनुमान ढाका के साथ टीएसपी के जुड़े मुद्दों पर चर्चा की थी।
बैठक में यह मुद्दे भी छाए रहे : नॉन टीएसपी के तृतीय ग्रेड के 1970 अध्यापकों को उनकी मंशानुरूप टीएसपी से बाहर स्थानांतरण करने, रिक्त पदों पर टीएसपी के बेरोज़गार से भरने 1167 पदों के संबंध में सुप्रीम कोर्ट में जवाब पेश करने, कांकरी डूंगरी में निर्दोष युवाओं के खिलाफ मुकदमे वापस लेने पर भी चर्चा हुई। वैसे तो जन प्रतिनिधियों ने नॉन टीएसपी कार्मिकों को गृह जिले में भेज रिक्त पदों को रीट 2022 की भर्ती में शामिल करने की मांग उठाई है, लेकिन भर्ती प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। जिसके दस्तावेजों की जांच चल रही है। इस स्थिति में नए रिक्त पदों को जोड़ने के आसार बहुत ही कम नजर आ रहे हैं, लेकिन नॉन टीएसपी शिक्षकों की घर वापसी होती है तो निश्चित ही टीएसपी क्षेत्र में नई भर्ती में पदों की संख्या में बढ़ोतरी होगी।
0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें