विद्यार्थियों की होगी बायोमेट्रिक से हाजिरी, 75 फीसदी उपस्थिति जरूरी
ब्यावर. कॉलेज में पढ़ने दूरदराज से आने वाली छात्राओं के लिए सरकार ने ट्रांसपोर्ट बाउचर योजना शुरू की है। इस योजना का लाभ तब ही मिल सकेगा जब 75 प्रतिशत उपस्थिति हो। इसके अलावा महाविद्यालय में पढ़ने वाले सभी विद्यार्थियों की हाजिरी बायोमेट्रिक से होगी।अब कॉलेज में कक्षाओं से गोत लगाकर घूमने वालों की पोल खुल जाएगी। महाविद्यालय में कक्षाओं के प्रति घटती रुचि को देखकर आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा ने यह कार्ययोजना तैयार की है। सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय में हाल में तीन बायोमेट्रिक मशीन लगी हुई हैं। जबकि छात्रों की संख्या को देखते हुए बायोमेट्रिक मशीन की संख्या बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। महाविद्यालय में बायोमेट्रिक से हाजिरी शुरू करने की कार्ययोजना 2020 से ही शुरू हो गई। इसके बाद कोरोना संक्रमण के चलते इसको लागू नहीं किया जा सका। आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा इस सत्र से बायोमेट्रिक हाजिरी शुरू कर रही है। इसमें छात्रवृत्ति लेने वाले एवं ट्रांसपोर्ट बाउचर योजना का लाभ लेने वालों की 75 प्रतिशत हाजिरी जरूरी है।
महाविद्यालय में कक्षाएं शुरू
सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय में द्वितीय, तृतीय वर्ष, स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष की कक्षाएं शुरू कर दी गई है। महाविद्यालय में इन कक्षाओं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी कक्षा में आ सकते है। इन कक्षाओं के प्रमोटेड विद्यार्थी कक्षाओं में अध्ययन करने आना शुरू हो गए। प्रथम वर्ष में ऑनलाइन प्रवेश की अंतिम तिथि बढाकर 17 जुलाई कर दी गई है। ऐसे में अब तक आवेदन करने से वंचित रहे विद्यार्थी भी प्रवेश के लिए आवेदन कर सकेंगे। सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय में ऑनर्स को छोडकर कला, विज्ञान व वाणिज्य संकाय में नियत सीटों से अधिक आवेदन आ चुके हैं। ऐसे में कई विद्यार्थियों को महाविद्यालय में प्रवेश नहीं मिल सकेगा। सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय में लम्बे समय से अलग-अलग संकाय में सीटें बढाने एवं स्नातकोत्तर में अंग्रेजी साहित्य सहित अन्य विषय शुरू करने की मांग चल रही है। अब तक मांग पूरी नहीं हो सकी है।
आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा जयपुर ने राजकीय महाविद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए ट्रांसपोर्ट बाउचर योजना 2023 शुरू की है। इस योजना के अंतर्गत दूरदराज से महाविद्यालयों में पढ़ने आने वाली छात्राओं को 20 रुपए प्रति दस किलोमीटर के हिसाब से राशि दी जाएगी। प्राचार्य डॉ. वीरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि जिन छात्राओं को स्कूटी नहीं मिली है या अन्य कोई राजकीय लाभ नहीं मिला हैं, उन छात्राओं को जो दूर दराज से महाविद्यालय आती हैं, उनको उक्त योजना का परिलाभ दिया जाएगा। इसके लिए एक समिति का गठन किया जाएगा। वरिष्ठ संकाय सदस्य प्रो. जलालुद्दीन काठात ने बताया कि इस योजना की लाभार्थी छात्राओं की उपस्थिति बायोमेट्रिक मशीन से ली जाएगी। इसमें 180 दिन में 75 प्रतिशत उपस्थिति होने पर लाभ देय होगा। गणना हर माह की जाएगी।
एनएसयूआइने सौंपा ज्ञापन
एनएसयूआइ से जुड़े छात्रों ने सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय में प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। इकाई अध्यक्ष हितेश चौहान ने बताया कि ज्ञापन में कॉलेज की पार्किंग नि:शुल्क करने, छात्राओं के लिए ट्रांसपोर्ट वाउचर योजना के फॉर्म भरवाने के लिए स्टाफ की व्यवस्था करने, कॉलेज गार्डन की साफ-सफाई एवं द्वितीय व तृतीय वर्ष की कक्षाएं सुचारू रूप से चालू करने की मांग की गई है। ज्ञापन देने गए शिष्टमंडल में शैलेंद्र सांखला, सुनील, इकाई महासचिव साहिल नागोरी, हार्दिक दगदी, मुदित शर्मा, सचिव नासिर शेख आदि शामिल रहे।

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें