एक शिक्षक के भरोसे चार सौ से अधिक विद्यार्थी, पढ़ाई चौपट
अजमेर. सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के लिए पर्याप्त शिक्षकों की कमी के चलते ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्राम सेदरिया के ग्रामीणों ने गुरुवार को कलक्ट्रेट के बाहर धरना दिया। ग्रामीणों ने बाद में जिला कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित को ज्ञापन सौंपा।कलक्ट्रेट के बाहर ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग व सरकार के प्रति नाराजगी जताते हुए बच्चों के भविष्य को मद्देनजर जल्द शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की है। सोहनलाल सहित ग्रामीणों ने बताया कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 400 से अधिक छात्र-छात्राएं हैं, लेकिन मात्र एक शिक्षक के भरोसे हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शिक्षकों की कमी के कारण कई अभिभावक बच्चों की टीसी कटवाकर अन्य कस्बे में बच्चों को पढ़ा रहे हैं।
तीन दिन से तालाबंदी के बाद भी नहीं चेते
ग्रामीणों ने बताया कि सेंदरिया गांव के स्कूल के गेट पर पिछले तीन दिन से तालाबंदी है। शिक्षक दीवार फांद कर हाजिरी भरने को मजबूर हैं। तीन दिन से तालाबंदी के बावजूद शिक्षा विभाग की ओर से कोई शिक्षक नहीं लगाया गया है। उन्होंने बताया कि इसकी सूचना पूर्व में शिक्षा विभाग को दे दी गई, लेकिन शिक्षक नहीं लगाए गए। उन्होंने कलक्ट्रेट पर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी दी, हालांकि बाद में समझाइश पर ग्रामीण गांव लौट गए।
जिले में अन्य जगह भी ऐसे बन रहे हालात
हासियावास के बाद सेंदरिया में तालाबंदी हो चुकी है। इसी तरह अरांई, मांगलियावास सहित अन्य क्षेत्र में भी स्कूल की तालाबंदी व विरोध के मामले सामने आ चुके हैं।

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें