पिछली सरकार की भर्तियां हीं अब तक पूरी नहीं:सरकार के कार्यकाल की तरह एग्जाम का कैलेंडर भी तय करने पर जोर
प्रदेश में एक सरकार का कार्यकाल पूरा होता है तो दूसरी आ जाती है। लेकिन इन सरकारों ने भर्तियां पूरी करने के लिए कोई टाइम तय नहीं कर रखा। यही कारण है सालों तक भर्तियां अटकी रहती है। इस सरकार का पांच साल का कार्यकाल भी 6 महीने में पूरा हो जाएगा।लेकिन पिछली कांग्रेस और भाजपा सरकार में प्रारंभ हुई भर्तियां अब भी पूरी नहीं हुई है। इससे बेरोजगार युवा दुखी है।
वर्तमान अशोक गहलोत सरकार ने बड़ी संख्या में भर्तियां निकाली है, लेकिन इस सरकार के आने से पहले निकाली गई कई भर्तियों को पूरी नहीं कर पाई। बेरोजगार युवाओं का कहना है कि जिस तरह से सरकारों का कार्यकाल पूरा होने की एक अवधि तय है। उसी तरह से भर्तियां पूरी होने का समय भी तय किया जाना चाहिए।
एलडीसी भर्ती -2013 पंचायतीराज विभाग में साल 2013 में हुई एलडीसी भर्ती में 10029 पद खाली रह गए थे। यह भर्ती 19515 पर हुई थी। इनमें से केवल 9486 पदों पर नियुक्तियां दी गई थी। मार्च 2019 को सीएम अशोक गहलोत ने दो चरणों में पदों को भरने की घोषणा की। पहले चरण में केवल 4 हजार नियुक्तियां दी। शेष के लिए प्रक्रिया भी शुरू नहीं हुई।
यह हो- बेरोजगार महासंघ के उपाध्यक्ष सुनील दोराया ने बताया कि सरकार को वादा निभाते हुए एलडीसी भर्ती का दूसरा चरण प्रारंभ करना चाहिए। आचार संहिता लागू होने से पहले नियुक्ति देनी चाहिए।
फार्मासिस्ट भर्ती, 5 साल में 3 बार फार्मासिस्ट भर्ती निकली। वर्ष 2018 में 1736 पदों के लिए भर्ती निकाली, लेकिन वर्ष 2020 में इसे निरस्त कर दिया गया। पिछले साल नवंबर 2022 में 2020 पदों पर भर्ती निकली, लेकिन यह भी निरस्त कर दी गई। अब मई 2023 में निकाली गई, जो 2859 पदों पर भर्ती होगी। इसमें आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
यह हो- फार्मा यूथ वेलफेयर संस्थान के अध्यक्ष प्रवीण सैन का कहना है कि पांच साल में तीसरी बार भर्ती निकली है। सरकार इस भर्ती को जल्दी से जल्दी पूरा करे, ताकि उनको राहत मिल सके।
टेक्निकल हेल्पर भर्ती-2013 वर्ष 2013 में जलदाय विभाग में तकनीकी कर्मचारियों के 1294 पदों पर भर्ती निकाली, लेकिन पूरी नहीं हुई है। प्रक्रिया के दौरान चुनाव आ गए थे। इसके बाद सरकार बदल गई और 5 साल तक भर्ती अटकी रही। वर्ष 2018 में आने के बाद फिर से कांग्रेस सरकार का कार्यकाल खत्म होने को है, पर भर्ती पूरी नहीं हुई है।
यह हो- इस भर्ती में करीब 7 लाख से ज्यादा बेरोजगारों ने आवेदन किया था। जिनके 21 करोड़ रुपए सरकार के पास जमा है। लेकिन अब तक युवा इस भर्ती की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं।
एनटीटी भर्ती -2018 पिछली सरकार ने वर्ष 2018 में पूर्व प्राथमिक शिक्षकों के 1350 पदों पर भर्ती निकाली। लेकिन पांच साल बीतने को आए। अभी तक यह भर्ती पूरी नहीं हो पाई है। इस भर्ती में अब भी 511 पद खाली पड़े हैं। यह स्थिति तो तब है जब इन पदों पर प्रतीक्षा सूची जारी हो चुकी है।
यह हो- एनटीटी शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष राजेश तिवाड़ी ने कहा कि सरकार को एनटीटी भर्ती में खाली पड़े पदों को तुरंत भरना चाहिए। 5 साल से प्रक्रिया चल रही है, अब खाली पदों को तुरंत भरना चाहिए।
एक्सपर्ट; भर्तियां का ना तो कैलेंडर तय होता है और ना ही पूरी होने की अवधि। सरकारों को चाहिए कि जब भी भर्ती निकले, उसमें आवेदन से लेकर नियुक्ति तक पूरा टाइम टेबल दिया जाए। - नंदसिंह नरूका, पूर्व अध्यक्ष, राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें