परिषद‍ीय विद्यालयों की अवकाश तालिका वर्ष 2025 देखें व करें डाउनलोड

👇Primary Ka Master Latest Updates👇

सोमवार, 3 जुलाई 2023

ट्रांसपोर्ट वाउचर स्कीम : घर से स्कूल आने-जाने का किराया लेने में छात्राएं आगे



 ट्रांसपोर्ट वाउचर स्कीम : घर से स्कूल आने-जाने का किराया लेने में छात्राएं आगे

स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति को बढ़ाने और बनाए रखने के लिए राज्य सरकार ने स्टूडेंट ट्रांसपोर्ट वाउचर स्कीम लागू कर रखी है। जिन विद्यार्थियों का स्कूल घर से पांच किलोमीटर दूर है, उन विद्यार्थियों को प्रतिदिन परिवहन किराया दिया जाता है। पहली से पांच कक्षा तक के विद्यार्थियों को दस रुपए, 6 से 8 के लिए 15 रुपए तथा 9 से 12वीं कक्षा वाले विद्यार्थियों को 20 रुपए निर्धारित है। यह राशि स्कूल में उपस्थिति पर दी जाती है। अजमेर जिले में परिवहन किराया प्राप्त करने में छात्रों के मुकाबले छात्राएं आगे हैं। मौजूदा समय में 9 हजार 951 विद्यार्थियों को घर से स्कूल आने जाने का किराया दिया जा रहा है। इनमें छात्राएं 5 हजार 550, जबकि छात्रों की संख्या 4 हजार 401 है। इससे प्रतीत होता है कि छात्राएं न केवल पढ़ाई बल्कि अपने अधिकारों को हासिल करने में भी आगे हैं। जिले में गत 20 अप्रेल तक इस स्कीम में 2 करोड़ 76 लाख 15 हजार 600 रुपए का भुगतान किया जा चुका है। यह राशि विद्यार्थियों को सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर होती है। जरूरतमंद विद्यार्थियों को समय पर किराया मिल सके, इसके लिए ही सीधे बैंक खाते में राशि को जमा करवाया जाता है।


जिले में जवाजा ब्लॉक के विद्यार्थी सबसे ज्यादा किराया राशि प्राप्त कर रहे हैं। जवाजा ब्लॉक में कुल 1866 विद्यार्थी किराया ले रहे हैं, जबकि इस ब्लॉक की खास बात यह है कि कक्षा 9 से 12 तक में किराया राशि प्राप्त करने वाला एक भी छात्र नहीं है। जबकि 43 छात्राएं इस सुविधा का लाभ ले रही है। दूसरे नंबर पर मसूदा ब्लॉक 1766 तथा तीसरे नंबर पर अजमेर ग्रामीण ब्लॉक के 1671 विद्यार्थी हैं। जिले के 12 ब्लॉकों में सबसे पीछे सरवाड़ के 407 विद्यार्थी हैं। हालांकि सरकार विद्यार्थियों को साइकिल भी दे रही है। लेकिन फिर भी कई ऐसे विद्यार्थी हैं, जिन्हें अन्य परिवहन साधनों से स्कूल जाना पड़ता है। कोई विद्यार्थी बस, टैम्पो, ऑटो, जीप आदि के किराये के अभाव में स्कूल से वंचित न रहे इसलिए ट्रांसपोर्ट वाउचर स्कीम को लागू किया गया है। जिले के समग्र शिक्षा के अतिरिक्त परियोजना समन्वयक अजय गुप्ता ने बताया कि स्कूल आने वाले प्रत्येक विद्यार्थी की उपस्थिति का ब्यौरा प्रतिदिन शिक्षा विभाग के पोर्टल पर अपलोड किया जाता है। इसी उपस्थिति के आधार पर पात्र विद्यार्थियों को परिवहन किराया दिया जाता है।


उल्लेखनीय है कि स्कूली विद्यार्थियों की तरह अब राज्य सरकार ने कॉलेज जाने वाली छात्राओं को भी ट्रांसपोर्ट वाउचर की सुविधा देने की घोषणा की है। जिन छात्राओं का घर कॉलेज से 10 किलोमीटर दूर है उन्हें प्रतिदिन बीस रुपए परिवहन किराया जाएगा। यह सुविधा उन्हीं छात्राओं को मिलेगी, जिनकी उपस्थिति 75 प्रतिशत होगी।

ट्रांसपोर्ट वाउचर स्कीम : घर से स्कूल आने-जाने का किराया लेने में छात्राएं आगे Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP BASIC NEWS

0 Comments:

एक टिप्पणी भेजें