प्रदेश के सरकारी स्कूलों में काउंसलिंग सत्र आयोजित, ‘डायल फ्यूचर’ के जरिए बच्चों को मिल रहा मार्गदर्शन ,शिक्षक बने ‘पथ प्रदर्शक’, बच्चों को देंगे विषय चयन की सलाह
अजमेर. स्कूलों में नए सत्र की चहल-पहल शुरू हो चुकी है। दसवीं की परीक्षा दे चुके अधिकांश बच्चों ने विषयों का चयन कर लिया है, लेकिन कुछ बच्चे व उनके अभिभावक विषयों को लेकर संशय में हैं। ऐसे में सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए स्कूलों में ही काउंसलिंग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।इन सत्रों में स्कूल के शिक्षक ही कॅरियर काउंसलर की भूमिका में हैं। ऐसे बच्चे जिनके पास दसवीं के बाद कॅरियर चुनने के बारे में मार्गदर्शन करने वाला कोई नहीं है, अथवा जिनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि ऐसी है जिनको मार्गदर्शन मिलने में कठिनाई है। उन बच्चों के लिए यह शिविर काफी कारगर साबित हो सकते हैं।स्कूल शिक्षा विभाग की पहल पर ‘डायल फ्यूचर’ कार्यक्रम चलाया गया है। इसके तहत प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में शिक्षा विभाग की ओर से दसवीं पास विद्यार्थियों को विषय चयन में मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए कॅरियर काउंसलिंग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।
शिक्षकों को दी ट्रेनिंग
‘डायल फ्यूचर’ और द्मफ्यूचर स्टेप्सद्य (भविष्य की राह) इनिशिएटिव के तहत राज्य के सभी उच्च माध्यमिक विद्यालयों से एक-एक शिक्षक का द्मपथ प्रदर्शकद्य के रूप में चयन किया गया। चयनित शिक्षकों की पिछले दिनों जिला और ब्लॉक स्तर पर राजीव गांधी सेवा केंद्रों पर वीसी के माध्यम से ऑनलाइन कार्यशाला आयोजित की गई। इसके बाद राज्य और संभाग स्तर पर हेल्प डेस्क दल बनाए गए हैं, जो परामर्श कार्यक्रम संचालित कर रहे हैं।
पारम्परिक विषयों से हटकर करें चुनाव
इस पहल का उद्देश्य छात्रों के कॅरियर के लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए उनकी रुचि, क्षमता और दृष्टिकोण के आधार पर उपयुक्त फैकल्टी (विषय) के चयन के बारे में समझ विकसित करना है। कार्यक्रम के तहत बच्चों को पारंपरिक रूप से फैकल्टी चुनने की बजाय कॅरियर विकल्प के अनुसार विषय चुनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। राज्य के सभी उच्च माध्यमिक विद्यालयों में जिला शिक्षा अधिकारी और मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों के निर्देशन में संस्था प्रधानों की ओर से यह कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
डायल फ्यूचर कार्यक्रम के तहत इस सत्र में लगभग 9 लाख विद्यार्थियों को कॅरियर मार्गदर्शन के लिए पूरे प्रदेश को 4 जोन जयपुर जोन, कोटा जोन, जोधपुर जोन तथा बीकानेर जोन में बांटकर 20 हेल्प डेस्क नंबर 9773319741 से 9773319760 तक जारी किए गए हैं। राज्य एवं संभाग स्तर पर हेल्प डेस्क 5 जुलाई तक सुबह 10 से शाम 5 बजे तक कार्य करेगी। हेल्प डेस्क के नंबरों पर कॉल करके भी मार्गदर्शन लिया जा सकता है।
प्रोग्राम इसी सत्र से शुरू हुआ है। स्कूलों में एक शिक्षक को इसकी जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। बच्चे उनसे मार्गदर्शन ले सकेंगे। जिससे बच्चों को अपनी रुचि का विषय व कॅरियर चुनने में सहूलियत हो। संबंधित प्रभारी शिक्षक का नाम व मोबाइल नंबर स्कूल के नोटिस बोर्ड पर लगाया जाएगा।-ओमशंकर वर्मा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, अजमेर

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें