साढ़े चार करोड़ से बोराड़ा में बनेगा राजकीय महाविद्यालय भवन
मदनगंज-किशनगढ़. किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र के उप तहसील मुख्यालय बोराड़ा में भी जल्द ही राजकीय महाविद्यालय खुलेगा। विधायक सुरेश टाक की अनुशंसा पर राज्य सरकार ने राजकीय महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए 4 करोड़ 50 लाख की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। साथ ही निर्माण की टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो गई है और अब जल्द भवन निर्माण कार्य शुरू होने वाला है।
उपखंड क्षेत्र में तीसरा कॉलेज
वर्तमान में किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र के उपखंड मुख्यालय किशनगढ़ एवं उपखंड मुख्यालय अरांई पर ही राजकीय महाविद्यालय संचालित है और अब जल्द ही उप तहसील मुख्यालय बोराड़ा में भी राजकीय महाविद्यालय बनेगा। इससे उप तहसील एवं इसके आस-पास की कई पंचायतों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अध्ययन की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही मिलेगी।
नहीं जाना पड़ेगा दूर-दराज
वर्तमान में उच्च शिक्षा के लिए उप तहसील मुख्यालय एवं आस-पास की पंचायतों के रहने वाले ग्रामीण बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए किशनगढ़ या फिर अरांई जाना पड़ता था। लेकिन अब इन ग्रामीण विद्यार्थियों को खासी राहत मिलेगी और वह अपनी कॉलेज स्तरीय पढ़ाई अपने स्थानीय स्तर पर ही पूरी कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने बजट में की थी घोषणा
मुख्यमंत्री गहलोत ने इसी बजट घोषणा वर्ष 2023-24 में ही बोराड़ा मुख्यालय पर राजकीय महाविद्यालय खोले जाने की घोषणा की और इसके बाद विभागीय कार्रवाई पूर्ण होकर बोराड़ा में महाविद्यालय की स्वीकृति जारी की गई।
प्रवेश प्रक्रिया आरंभ
बोराड़ा कॉलेज में वर्ष 2023-24 में कला संकाय में दाखिले के लिए 160 सीटों पर विद्यार्थियों के एडमिशन लिए जाने की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो चुकी हैं। लेकिन वर्तमान में बोराडा कालेज के स्वयं का भवन नहीं होने से वैकल्पिक रूप से यह कॉलेज बोराड़ा के स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के कमरों में संचालित किया जा रहा है।
विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य एवं उन्हें उच्च शिक्षा सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने विधायक सुरेश टाक के समक्ष उप तहसील मुख्यालय बोराड़ा में राजकीय महाविद्यालय भवन स्थापित किए जाने की मांग की थी। इस पर विधायक टाक ने विधानसभा बजट सत्र 2023-24 के अंतर्गत मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत रूप से आग्रह किया कि वे बजट घोषणाओं में किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र के उप तहसील मुख्यालय बोराड़ा पर राजकीय महाविद्यालय खोले जाने की स्वीकृति प्रदान कराएं।
विधायक टाक ने हाल ही में मुख्यमंत्री गहलोत से मुलाकात कर आग्रह किया कि वे बोराड़ा के इस नवीन महाविद्यालय भवन के निर्माण के लिए भी स्वीकृति जारी कराएं ताकि यहां भवन का निर्माण होकर विद्यार्थियों को लाभ मिल सके। विधायक टाक की अनुशंसा पर विभागीय स्तर से कार्रवाई पूर्ण होकर उक्त महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए 4.50 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति जारी की जा चुकी है।
0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें