परिषद‍ीय विद्यालयों की अवकाश तालिका वर्ष 2025 देखें व करें डाउनलोड

👇Primary Ka Master Latest Updates👇

मंगलवार, 18 जुलाई 2023

घंटों नहीं मिनटों में कॉलेज शिक्षा!,पीजी कॉलेज में सीटों की नहीं अब मारामारी, विद्यार्थी नजदीक के कॉलेजों में कर रहे आवेदन



 घंटों नहीं मिनटों में कॉलेज शिक्षा!,पीजी कॉलेज में सीटों की नहीं अब मारामारी, विद्यार्थी नजदीक के कॉलेजों में कर रहे आवेदन

अब बसेड़ी, सरमथुरा, सैंपऊ, बसई नवाब, मनियां, मरैना और राजाखेड़ा के छात्रों को कॉलेज शिक्षा के लिए घंटों की यात्रा कर जिला मुख्यालय स्थित पीजी कॉलेज आने की आवश्यकता नहीं है। इन जगहों पर कॉलेज खुलने के कारण घरों से यह दूरी चंद मिनटों की ही रह गई है।

धौलपुर. राज्य सरकार के प्रदेशभर में उच्च शिक्षा के लिए जगह-जगह खोले महाविद्यालयों का असर इस दफा कॉलेजों में विद्यार्थियों की आवेदन प्रक्रिया पर साफ दिख रहा है। बड़े और नामी कॉलेजों में अब भीड़ कम होने लगी है, विद्यार्थी अब जिले और उपखण्ड के कॉलेजों को प्रवेश लेने के लिए प्राथमिकता दे रहा है। ऐसा ही धौलपुर जिले में देखने को मिल रहा है। वर्तमान में कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है और आवेदन की अंतिम तिथि 17 जुलाई तक जिले के बड़े कॉलेज पीजी कॉलेज धौलपुर में इस दफा पूर्व की तरह एडमिशन के लिए मारा-मारी नहीं दिख रही है। यहां बी-कॉम में कॉलेज में कुल 160 सीटें हैं लेकिन 16 जुलाई की शाम तक मात्र 38 ही आवेदन मिल पाए हैं। यानी सभी को एडमिशन मिल जाएगा। गौरतलब रहे कि जिले में कुल 11 कॉलेज संचालित हैं। जिस वजह से विद्यार्थी अपने इलाकों में एडमिशन लेने को ज्यादा प्राथमिकता दे रहा है। अब वह कई किलोमीटर तक पसीना बहा कर धौलपुर मुख्यालय के पीजी कॉलेज में प्रवेश के लिए आवेदन नहीं कर रहा है।


पूर्व में कला वर्ग में मिले थे 1800 आवेदन

पीजी कॉलेज में पूर्व के शिक्षण सत्रों में कला वर्ग में करीब 1800 तक आवेदन आ जाते थे। लेकिन इस दफा 16 जुलाई तक मात्र 887 ही आवेदन मिले हैं। इसी तरह विज्ञान वर्ग में गणित व बॉयो में पहले 400 से अधिक आवेदन प्राप्त होते थे। इस दफा यहां भी संख्या घट गई और आंकड़ा साढ़े तीन तक नहीं पहुंच पाया है। जबकि बी-कॉम में अब विद्यार्थियों की रुचि कम होने लगी है। इसमें लगातार गिरावट जारी है। यहां 160 सीटों पर मात्र 38 ही आवेदन मिले हैं। यानी एक सेक्शन भरने के लिए भी आवेदन नहीं मिल सके हैं।


तिथि नहीं बढ़ी तो 26 तक जमा होगा शुल्क

कॉलेजों में प्रवेश लेने की आवेदन की प्रक्रिया की अंतिम आज शाम (17 जुलाई) तक है। जबकि पहले 12 जुलाई थी। राज्य सरकार ने आवेदन करने की तिथि नहीं बढ़ाई तो विद्यार्थियों को आगामी 26 जुलाई तक फीस जमा करानी होगी। इससे पहले 19 जुलाई तक कागजातों की जांच होगी, 21 जुलाई को कॉलेज में एडमिशन सूची चस्पा और 22 से 26 जुलाई तक विद्यार्थी शुल्क जमा करा सकता है। शुल्क ऑनलाइन प्रक्रिया से ही होगा। प्रवेशित सूत्री 28 को प्रकाशित होगी और एक अगस्त से शिक्षण कार्य शुरू हो जाएगा। इससे पहले कला वर्ग में 31 जुलाई तक विद्यार्थियों के मांगे विषय के अनुसार सेक्शन निर्धारित कर दिए जाएंगे। वहीं, श्रेणी वार सीटें रिक्त रहती हैं तो पुन: आवेदन मांगे जा सकते हैं।


जिले में 11 कॉलेज

धौलपुर जिले में वर्तमान में 11 कॉलेज संचालित हैं। इसमें सबसे पुराना कॉलेज धौलपुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय है। इन कॉलेजों में 5 रमसा के तहत आते हैं। इसमें सरमथुरा, बाड़ी गर्ल्स, मनियां, मरैना व बसई नवाब कॉलेज शामिल हैं। यानी इन कॉलेजों के संचालन के लिए सोसायटी का गठन होता है जो कार्य देखती है। ये कॉलेज आयुक्तालय को रिपोर्ट करती है। जिले में वर्तमान में धौलपुर के अलावा बसेड़ी, सरमथुरा, सैंपऊ, बसई नवाब, मनियां, मरैना और राजाखेड़ा में कॉलेज संचालित हैं।


भविष्य में बसेड़ी मॉडल कॉलेज को देगा टक्कर

जिले में बसेड़ी कॉलेज मॉडल के रूप में स्थापित है। यहां भवन बन चुका है लेकिन अभी विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण सुविधाएं बजट के अभाव में नहीं मिल पा रही है। माना जा रहा है कि भविष्य में उक्त कॉलेज धौलपुर पीजी कॉलेज को टक्कर देगा। फिलहाल बजट नहीं मिलने से अभी सुविधाएं नहीं हैं। यहां पर कला वर्ग में 200, विज्ञान में 176 और एमए (इतिहास) में 60 सीटें हैं। प्रिंसीपल डॉ.सतीश त्रिणुनायत ने बताया कि बजट मिलने पर आधुनिक कॉलेज की सुविधाएं विद्यार्थियों को मिल सकेंगी। यह कॉलेज एक रोल मॉडल के रूप में स्थापित होगा।


बृज विवि से जुड़े हैं 165 कॉलेज

महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय से भरतपुर और धौलपुर जिले के कुल 165 कॉलेज संबद्ध हैं। इनमें स्नातक के करीब 60 हजार, स्नातकोत्तर के 20 हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।

घंटों नहीं मिनटों में कॉलेज शिक्षा!,पीजी कॉलेज में सीटों की नहीं अब मारामारी, विद्यार्थी नजदीक के कॉलेजों में कर रहे आवेदन Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP BASIC NEWS

0 Comments:

एक टिप्पणी भेजें