विद्यार्थियों को राहत; अब जन आधार के जरिए ऑटोमैटिक हो जाएगा छात्रवृत्ति के लिए आवेदन
चूरू । अब विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति आवेदन के लिए बार-बार दस्तावेज उपलब्ध कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2023-24 में सरकारी योजनाओं के पात्र व्यक्ति को उनके जनाधार जैसे दस्तावेजों के आधार पर सीधे लाभ पहुंचाने की घोषणा के आधार पर अब शिक्षा विभाग ने भी ऑटो डिलीवरी सिस्टम लागू करने का निर्णय किया है। इसमें विशेष रूप से छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रवेश और छात्रवृत्ति आवेदन के दौरान बार-बार दस्तावेज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया से राहत मिल सकेगी। बतादें कि जिले में हर साल करीब 45 हजार आवेदन छात्रवृत्ति के लिए किए जाते हैं।
शिक्षा विभाग में सत्र की शुरुआत होने के साथ ही स्कूल में प्रवेश के लिए आवेदन पत्र के साथ ही मूल निवास, अभिभावक का आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, बीपीएल, आधार, जनाधार कार्ड आदि की प्रति भी संलग्न करनी होती है। इसके बाद विभागीय स्तर पर विभिन्न कक्षाओं के स्तर पर देय छात्रवृत्ति के आवेदन के दौरान भी विद्यार्थियों को इन्हीं दस्तावेजों की पुनः आवश्यकता होने से भाग दौड़ बढ़ जाती है। इससे मुक्ति दिलाने शिक्षा विभाग ने सूचना प्रौद्योगिकी, आईए और मशीन लर्निंग आधारित ऑटो डिलीवरी सिस्टम से लाभ देने का निर्णय किया है। इससे विभिन्न प्रकार की छात्रवृत्तियों के लिए भी पात्र विद्यार्थियों को बार-बार आवेदन की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
प्रवेश के समय पात्र का आवेदन जनाधार जैसे दस्तावेज के आधार पर ऑनलाइन हो जाएगा। स्कूल की गलती से रहने पर भी ऑटोमेटिक प्रोसेस में आ जाएगा। -निसार अहमद खान, डीईओ माध्यमिक विद्यार्थियों से प्रवेश के समय 13 प्रकार की जानकारी ली जाएगी। इनमें आधार व जनाधार विवरण, पारिवारिक आय, करदाता, अंतिम कक्षा उत्तीर्ण की अंकतालिका, ईडब्ल्यूएस, बीपीएल, विशेष बीपीएल, सीडब्ल्यूएसएन विवरण, ओबीसी, ईसीबी विवरण, अनाथ, भूतपूर्व सैनिक वर्ग तथा जनजाति वर्ग से संबंधित आदि शामिल होंगे।
इससे पात्र विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति के आवेदन स्कॉलर पोर्टल पर प्रोसेस हो जाएंगे। इनमें कमी पर छात्रवृत्ति प्रभारी व संस्था प्रधान की जिम्मेदारी होगी। तय अवधि में विद्यार्थी के आवेदन ऑनलाइन नहीं होने पर सिस्टम 10 दिन उपरांत इसे प्रोसेस कर देगा। छात्रवृत्ति से संबंधित कमी पर विद्यार्थी से प्रमाणपत्र प्राप्त कर शाला दर्पण पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें