आरकेएसएमबीके आंकलन: एक ही कक्षा के सभी विद्यार्थियों ने 15 प्रश्नों के दिए समान उत्तर
बीकानेर. राजस्थान के शिक्षा में बढ़ते कदम कार्यक्रम के तहत अप्रेल में हुई आरकेएसएमबीके आंकलन में एक कक्षा में सभी 15 प्रश्नों के उत्तर समान मिलने पर संस्था प्रधानों को नोटिस दिए गए हैं। उन्हें सात दिन में नोटिस का जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त निदेशक रचना भाटिया ने संस्था प्रधानों को भेजे कारण बताओ नोटिस में कहा गया है कि आरकेएसएमबीके के तहत 17 से 20 अप्रेल तक आंकलन परीक्षा आयोजित की गई थी। आंकलन के परिणामों का एप्प के माध्यम से विश्लेषण करने पर पता चला कि एक कक्षा के सभी विद्यार्थियों ने 15 प्रश्नों के उत्तर में समान विकल्प चुने हैं। आदेश में कहा गया है कि नोटिस मिलने के सात दिवस में संस्था प्रधान अपना स्पष्टीकरण संयुक्त निदेशक को प्रस्तुत करेंगे।
इन जिलों के स्कूलों को नोटिस
अजमेर 11, अलवर 17, बांसवाड़ा 13, बारां 3, बाड़मेर 13, भरतपुर 9, भीलवाड़ा 8, बीकानेर 5, बूंदी 7, चितौड़गढ़ 3, चूरू 12, दौसा 11, धौलपुर 3, डूंगरपुर 8, श्रीगंगानगर 7, हनुमानगढ़ 1, जयपुर 21, जैसलमेर 5, जालौर 10, झालावाड़ 9, झुंझुनूं 9, जोधपुर 13, करौली 7, कोटा 4 तथा नागौर जिले के 9 संस्था प्रधानों को नोटिस जारी किए गए हैं। इसी तरह पाली 4, प्रतापगढ़ 6, सवाई माधोपुर 6, सीकर 10, सिरोही 3, टोंक 4 तथा उदयपुर के सात संस्था प्रधानों को नोटिस जारी किए गए हैं।
बीकानेर जिले के यह स्कूल शामिल
बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ के राजकीय प्राथमिक विद्यालय ऊपनी, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सोनियासर गोगलियान, खाजूवाला का राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय 34 केवाईडी, बज्जू खालसा का राजकीय प्राथमिक विद्यालय 3 केडब्ल्यूएम तथा पूगल का राजकीय प्राथमिक विद्यालय मूंगराला के संस्था प्रधानों को नोटिस जारी किया गया है।

0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें