12वीं-यूजी अंग्रेजी माध्यम से उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को एमजी प्रारंभिक और माध्यमिक इंग्लिश मीडियम स्कूलों में मिल सकेगी पोस्टिंग
बीकानेर | राज्य सरकार की मंजूरी के बाद शिक्षा विभाग ने तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती 2022 में चयनित लेवल वन व लेवल सेकंड के 48 हजार शिक्षकों की पोस्टिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है। राज्य के स्कूलों में पहले से कार्यरत शिक्षकों के लिए अच्छी खबर है। फिलहाल 20 हजार शिक्षकों का सेटअप परिवर्तन नहीं होगा। नई भर्ती के पदस्थापन में प्रारंभिक तथा माध्यमिक दोनों के रिक्त पदों को शामिल किया जाएगा। वहीं रिक्त पद कम होने पर 12वीं व यूजी अंग्रेजी माध्यम से उत्तीर्ण नव चयनित अभ्यर्थियों के लिए काउंसलिंग में महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूलों के रिक्त पदों को भी शामिल किया जाएगा।
प्रारंभिक शिक्षा निदेशक कानाराम ने इस संबंध में 10 बिंदुओं की गाइडलाइन जारी कर डीईओ प्रारंभिक और माध्यमिक को भेजी है। दरअसल, कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से लेवल वन के 21 हजार पदों पर फाइनल रिजल्ट 31 अगस्त को घोषित किया जा चुका है। वहीं लेवल सेकंड के 27 हजार पदों पर फाइनल रिजल्ट जल्द ही घोषित होने की उम्मीद है। लेवल वन और लेवल सेकंड के 48 हजार पदों पर नव चयनित अभ्यर्थियों को पोस्टिंग दी जानी है, जिसको लेकर शिक्षा निदेशालय ने यह गाइडलाइन जारी की है।
यह रहेगी शर्त : 6 (3) होने पर वापस प्रारंभिक के स्कूलों में लगाए जाएंगे नए शिक्षक
शिक्षा विभाग ने माध्यमिक शिक्षा के स्कूलों में नव चयनित अभ्यर्थियों को इस शर्त पर पदस्थापन देने की मंजूरी दी है कि 6 (3) की कार्यवाही होने के बाद सेटअप परिवर्तन से नवचयनित शिक्षकों को वापस प्रारंभिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में भेजा जाएगा। नवचयनित शिक्षकों के नियुक्ति आदेश में भी इस शर्त का आवश्यक रूप से उल्लेख भी किया जाएगा।
पद कम होने पर विषय अध्यापकों का लेवल प्रथम के
पद पर हो सकेगा पदस्थापन आदेश में इस बात का भी उल्लेख है कि लेवल सेकंड में विज्ञान गणित तथा अंग्रेजी विषय के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की संख्या रिक्त पदों से अधिक होने पर इनका पदस्थापन लेवल प्रथम के रिक्त पदों पर किया जा सकेगा। विषय अध्यापकों के रिक्त पद उपलब्ध होने पर इन शिक्षकों को वापस मूल पद पर पोस्टिंग दी जाएगी। वहीं लेवल वन के अभ्यर्थियों का पदस्थापन लेवल वन पर ही होगा। अगले महीने चुनाव आचार संहिता लगने की संभावना है। 6 (3) के तहत सेटअप परिवर्तन करने से समय लगता। शिक्षा विभाग का निर्णय अच्छा है। इससे नव चयनित अभ्यर्थियों को समय पर नियुक्ति मिल सकेगी। - किशोर पुरोहित, प्रदेशाध्यक्ष, शिक्षक संघ भगत सिंह


0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें